जम्मू-कश्मीर के उड़ी में सैन्य ठिकाने पर हुए आतंकी हमले के विरोध में सोमवार को लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ खासा उबाल दिखा। एक ओर जहां शहर के व्यापारियों और वकीलों ने पाकिस्तानी झंडे और आतंकवाद के पुतले फूंके वहीं कांग्रेसियों ने आतंकी हमले के शहीद जांबाज सैनिकों को कैंडल जला और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
अयोध्या उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में बड़ा स्थान से व्यापारियों का मार्च हरद्वारीबाजार, श्रृंगारहाट होते हुए हनुमानगढ़ी चौराहे पर पहुंचा जहां आतंकवाद का पुतला फूंक प्रदर्शन किया। लोगों ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों को निंदा करते हुए भारत सरकार से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग उठाई।
अंत में आतंकी हमले में मारे गए सैनिकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। प्रदर्शन में अध्यक्ष नंद कुमार गुप्त नन्दू, महामंत्री नंदलाल गुप्त, सभासद रमाकांत विश्वकर्मा, श्यामलाल गुप्त, कमल उपाध्याय, सुनील गुप्त, रवि शर्मा, गुडडू यादव, मंगल गुप्त, विकास गुप्त आदि शामिल रहे।
उधर गोसाईगंज नगर के महबूबगंज बाजार सोमवार देर शाम व्यापारियों ने पाकिस्तान का झंडा और राष्ट्रपति नवाज शरीफ का पुतला फूंक अपने आक्रोश का इजहार किया। उरी में हुए आतंकी हमले से आक्रोशित व्यापारियों ने महबूबगंज बाजार में पुतला व झंडा फूंक कहा कि पाकिस्तान को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। प्रदर्शन में व्यापारी उदयभान गुप्ता, मोहम्मद आजम, शिव कुमार सैनी, दीपक कसौधन, कुंदन गुप्ता सहित अन्य शामिल रहे।
वहीं वकीलों ने भी शोकसभा करके शहीदों को श्रद्धांजलि दी और न्यायकि कार्य से विरत रहते हुए पाकिस्तानी झंडा और आतंकवाद का पुतला फूंका। वकीलों ने केंद्र सरकार से मांग की कि आतंकवाद का भरपूर विरोध हो और पाक को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। इस मौके पर संघ अध्यक्ष संजीव दूबे, मंत्री एसएन सिंह, बीरभान सिंह, राजकपूर सिंह, मनीष पांडेय, पीयूष रंजन, सुशील चौबे समेत कई लोग मौजूद रहे।
कांग्रेसियों ने शहीद जांबाज सैनिकों को कैंडल जला और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। शाम को कांग्रेसी सिविल लाइन स्थित शहीद स्तंभ के समक्ष पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने कहा आतंकी हमले की जितनी निंदा की जाए वह कम है। कहा कि आतंकी देश पाकिस्तान के विरुद्ध ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाए। श्रद्धांजलि देने वालों में जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, शहर अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व अध्यक्ष अफजालअहमद, पीसीसी चेतनारायण सिंह, नाजिम हुसैन, मोहम्मद शरीफ , वेद सिंह कमल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
उधर शहीद सैनिकों के सम्मान में एबीवीपी ने सोमवार की शाम राजसदन से कैंडल मार्च निकाल प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता दीनदयाल तिराहा, हरद्वारी बाजार होते हुए हनुमानगढ़ी मंदिर मंदिर की सीढ़ियों पर कैंडल लगाईं।