एक माह में चार बार ट्रांसफार्मर फुंकने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को बीकापुर विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। तकरीबन तीन घंटे चले प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यालय में घुसने तक नहीं दिया। अधिकारियों के आने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। नायब तहसीलदार ने मौके पर ही फुंका ट्रांसफार्मर बदलने का निर्देश दिया है।
उपकेन्द्र के साउथ फीडर का शेरपुरपारा बाजार में लगा 63 केबीए का ट्रांसफार्मर पिछले पांच दिन से फुंका पड़ा है। एक माह के भीतर चौथी बार ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद सोमवार को क्षेत्र के ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और उपकेंद्र का घेर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पावर कार्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि तहसील दिवस सहित कई बार अधिकारियों से अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की जा चुकी है लेकिन ई कार्रवाई नहीं हुई। ट्रांसफार्मर जल जाने से 26 निजी नलकूप व लगभग 50 उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा है।
प्रदर्शन में शामिल प्रधान सतीश कुमार मिश्र, फयाराम वर्मा, विकास, मुकेश, धर्मेन्द्र कुमार, अमृतलाल, रामनायक, गुड्डू उपाध्याय, राजकुमार, अर्जुन सहित अन्य ग्रामीणों ने ड्यूटी पर पहुंचे कर्मियों व अधिकारियों को कार्यालय में घुसने नहीं दिया।
सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार अविचल सिंह ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझा कर शांत कराया और एसडीओ सत्यनारायण यादव व जेई दिलीप कुमार कनौजिया को ट्रांसफार्मर बदलने का निर्देश देते हुए ग्रामीणों को एक सप्ताह के भीतर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।