छह एसपी, छह एएसपी, 26 डीएसपी समेत आठ कंपनी पीएसी
एक-एक कंपनी आरएएफ और सीआरपीएफ भी पहुंची
24
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। रामनवमी पर्व का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मेले में सुरक्षा को लेकर रोज वरिष्ठ अधिकारी समीक्षा कर रहे हैं। मेले में बाहर से आने वाले अधिकारियों व सुरक्षा बलों ने आमद शुरू कर दी है। पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन, 26 सेक्टर व 67 माइक्रो सेक्टर में बांटकर प्रभारियों को दायित्व सौंप दिये गए हैं। गैर जिलों से आए छह पुलिस अधीक्षक पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी करेंगे। मेला क्षेत्र में तीन स्थानों पर 24 घंटे खोया-पाया कैंप का संचालन शुरू हो गया है।
रामनवमी मेले में तीन दिन रह गए हैं। श्रद्धालुओं ने अयोध्या में डेरा डालना शुरू कर दिया है। सीओ अयोध्या एसपी गौतम ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए छह एसपी, छह एएसपी, 26 डीएसपी, 15 निरीक्षक, 80 उप निरीक्षक, 350 आरक्षी, आठ कंपनी पीएसी, एक-एक कंपनी आरएएफ व सीआरपीएफ, एक कंपनी जल पुलिस ने आमद करा ली है। एएसपी को जोन, डीएसपी को सेक्टर व उप निरीक्षक को माइक्रो सेक्टर का दायित्व सौंप दिया गया है। इसके अलावा यातायात नियंत्रण के लिए 10 टीएसआई व 90 मुख्य आरक्षी ने भी मेले की कमान संभाल ली है।
बिछड़ों को अपनों से मिलाएगा खोया-पाया कैंप
अयोध्या। मेले में बिछड़ों को अपनों से मिलाने के लिए तीन स्थानों पर खोया-पाया कैंप की स्थापना कर दी गई है। इस कैंप का संचालन 24 घंटे होगा। यहां पर दो शिफ्टों में एक-एक महिला व पुरुष पुलिसकर्मी की तैनाती कर दी गई है। अयोध्या के मुख्य मार्ग समेत सरयू घाट समेत पूरे मेला क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाए गए हैं। नयाघाट पुलिस चौकी, तुलसी उद्यान व कोतवाली अयोध्या परिसर में बने कैंप से मेले में खोए लोगों के नाम पता एनाउंस किया जाएगा। सीओ अयोध्या एसपी गौतम ने बताया कि मेले में परंपरागत तरीके से की जाने वाली यह व्यवस्था कारगर साबित होती है। इसके माध्यम से हर मेले हजारों बिछड़े लोगों को उनके अपनों से मिलाया जाता है। संवाद