धान की खेती को लेकर आसमान निहार रहे किसानों के चेहरे खिल उठे और पारा लुढ़कने से गर्मी से राहत मिली। मगर दोपहर बाद निकली धूप से फिर उमस भरी गर्मी ने बेहाल कर दिया। तेज हवा के चलते फैजाबाद-आजमगढ़ राजमार्ग पर पूरा बाजार के पास आम का एक पेड़ गिरने से यातायात घंटों बाधित रहा।
वाहनों की लंबी कतार लग गई। बारिश से नाला-नाली चोक होने से मुहल्लों समेत गलियों व मुख्य मार्गों पर हुए जलभराव से लोग परेशान हुए। पिछले तीन दिनों से चल रहे बादलों के खेल के बीच सोमवार की सुबह पुरवा हवा के साथ मध्यम और तेज बारिश से हर कोई खुश और राहत महसूस करता नजर आया।
इस दौरान पूरा बाजार के पास आजमगढ़ मार्ग पर आम का पेड़ गिरने से घंटों यातायात प्रभावित रहा। काफी देर बाद पुलिस व प्रशासन ने पेड़ की डालियां कटवा जाम हटवाया। दोपहर बाद फिर तेज धूप निकली तो सभी को दिक्कतें महसूस होने लगीं। प्री मानसूनी वर्षा से जिले में पारा सामान्य से नीचे लुढ़क गया है।
किसानों का मन मयूर नाच उठा है।शहर समेत मिल्कीपुर, बिलहरघाट, रसूलाबाद, गौराघाट, कोडऱी बाजार, हनुमतनगर, रानीबाजार, कुमारगंज, रुदौली और मैंगो बेल्ट सोहावल क्षेत्र में हल्की से तेज वर्षा हुई है। इससे सब्जियों, गन्ना और चरी को फायदा पहुंचा है। किसानों ने खाली हुए खेतों की जुताई शुरू कर दी है। मौसम विभाग कुमारगंज के अनुसार जिले में करीब आठ मिमी. वर्षा दर्ज हुई है।