पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को शहर से देहात तक मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की गई। अलविदा की नमाज को लेकर पुलिस व प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान जनपद के आला अधिकारी भ्रमण कर व्यवस्थाओं के साथ शांति व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
बताया गया कि जुड़वां शहरों अयोध्या व फैजाबाद समेत जनपद के विभिन्न इलाकों में अलविदा की नमाज को लेकर मस्जिदों के आसपास चूने का छिड़काव कराया गया था और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। दोपहर को नमाज का वक्त होने के पहले से ही मस्जिदों के बाहर रोजदारों की भीड़ उमड़ने लगी और कुछ ही देर में अच्छी-खासी भीड़ एकत्र हो गई।
शहर के राठहवेली स्थित इमामबाड़ा, चौक स्थित मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा की गई। जनपद के देहात क्षेत्रों सोहावल, तारुन, हैदरगंज, रुदौली, पटरंगा, मवई समेत अन्य इलाकों में शांतिपूर्वक अलविदा की नमाज संपन्न होने की बात कही गई है।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक बाजार की दोनों मस्जिदों सहित चौरे, कोछा बाजार, सोनखरी, रामपुरभगन, उमरपुर, शाहगंज, बनकट, डेहरियावां, हैदरगंज सहित क्षेत्र की करीब दो दर्जन से अधिक मस्जिदों में अलविदा की नमाज पढ़ कर वतन में खुशहाली और अमन चैन की मन्नत मांगी गई।
वहीं, सोहावल व गोसाईगंज प्रतिनिधि के मुताबिक पुलिस की निगरानी में तेलियागढ़ स्थित बेलाल व अलफारूक मस्जिद, मदीना मस्जिद अंसार नगर, जुमा मस्जिद, शाह मस्जिद शहीदवारी, नूरानी मस्जिद एवं रूमानी मस्जिद कटरा समेत सोहावल के सुचितागंज, बड़ागांव, रौनाही, चिर्रा जगनपुर स्थित मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा कर खुशहाली की दुआ मांगी गई।
इस बाबत पुलिस कार्यालय ने बताया कि सुरक्षा व व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से जोन व सेक्टर बनाकर प्रभारियों की तैनाती की गई थी। सभी एडीएम, एसडीएम, एडीशनल एसपी, सीओ आदि को निगरानी के लिए भ्रमणशील रहने को कहा गया था। जिले में शांतिपूर्वक अलविदा की नमाज संपन्न हो गई।