अयोध्या। प्रधानमंत्री आवास के लिए भटक रहे गरीबों से धन उगाही की गई, जिसने नहीं दिया उसका पैसा दूसरे के खाते में चला गया। डीएम के परीक्षण में मामला प्रथम दृष्टया सही पाया गया है।
धन उगाही और गड़बड़ी करने वाले दो प्रधान और एक कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने आर दूसरे के खाते में भेजा गया पैसा कंप्यूटर ऑपरेटर से वसूलने के लिए बीडीओ को निर्देश दिए गए हैं।
मामला बीकापुर ब्लॉक क्षेत्र के दो गांवों में पकड़ में आया है। पहला मामला परोमा गांव का है, इसकी शिकायत गांव की रहने वाली माधुरी पत्नी विजय ने डीएम से संपूर्ण समाधान दिवस में की थी।
कहा था कि प्रधानमंत्री आवास दिलाने के लिए ग्राम प्रधान राम किशोर कन्नोजिया ने पांच हजार रुपये लिए। 10 हजार रुपये की और मांग की गई। पांच हजार रुपया रिश्तेदार से उधार लेकर दिया, वह और पैसा नहीं दे पाई इसलिए उसको आवास नहीं मिला।
प्रधानमंत्री आवास के नाम पर वसूली का दूसरा मामला बनकट (गीजा) गांव से जुड़ा है। यहां की रहने वाली पूजा देवी पत्नी रवींद्र कुमार ने शिकायत थी कि गांव के प्रधान ने धन की मांग की थी लेकिन पैसा नहीं दिया तो वित्तीय साल 2019-20 में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण की प्रथम किस्त नहीं दी गई।
पड़ताल के दौरान गांव के सचिव से पूछताछ में उनका कहना था कि उन्होंने लाभार्थी का बैंक खाता और आईएफएससी कोड दैनिक कंप्यूटर ऑपरेटर को दिया, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर ने सही खाता संख्या और आईएफएससी कोड का अंकन नहीं किया गया। कंप्यूटर ऑपेरटर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जिसके चलते लाभार्थी की पहली किश्त का 40 हजार रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा ढाका खेरी राजस्थान के खाते में चला गया।
इस मामले में भी डीएम अनुज कुमार झा ने पड़ताल के बाद ग्राम प्रधान सहित कंप्यूटर ऑपरेटर संतोष कुमार पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और कंप्यूटर ऑपरेटर की सेवा समाप्ति का निर्देश दिया। साथ दूसरे खाते में स्थानांतरित धनराशि को उसके निजी स्रोत से 40 हजार रुपये की वसूली के लिए कहा।
प्रधानमंत्री आवास के नाम पर वसूली के मामले में विकास खंड बीकापुर के परोमा के प्रधान और बनकट के प्रधान के साथ कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए खंड विकास अधिकारी को भेज दिया गया। साथ आरोपी कंप्यूटर आपरेटर के निजी स्रोत से दूसरे के खाते में भेजी गई 40 हजार रुपये की धनराशि की वसूली का निर्देश दिया है।
कमलेश कुमार सोनी, परियोजना निदेशक
ग्राम्य विकास अभिकरण, अयोध्या