आम आदमी बीमा योजना की खराब प्रगति पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया है। सभी एसडीएम और तहसीलदार सहमे हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को प्रत्येक दशा में एक सप्ताह में पूर्ण करें अन्यथा सभी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
समीक्षा बैठक में डीएम ने एडीएम प्रशासन को सभी एसडीएम व तहसीलदारों को शो-काज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने बताया कि पूर्व जिलाधिकारी एवं आयुक्त विपिन कुमार द्विवेदी के समय फैजाबाद जिला एवं मंडल ने आम आदमी से जुड़ी इस योजना पर अच्छी प्रगति देकर पूरे प्रदेश को प्रेरणादायक संदेश दिया था।
यह योजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 हजार 500 के लक्ष्य के सापेक्ष मात्र 2832 लोगों को योजना से आच्छादित किया गया है जो 17668 लक्ष्य से कम है।
सदर में चार हजार के सापेक्ष 550, बीकापुर में 4300 के सापेक्ष 383, सोहावल 3500 के सापेक्ष 706, मिल्कीपुर में 4500 से सापेक्ष 495, रुदौली 4200 के सापेक्ष मात्र 198 लोग आच्छादित हुए हैं। डीएम ने एक सप्ताह बाद 7 मार्च को अवकाश के दिन साय: सात बजे कैंप कार्यालय पर सभी एसडीएम व तहसीलदारों की बैठक बुलाई है।