अयोध्या। पड़ोसी जनपद में पहले बस्ती, फिर गोंडा व अब सुलतानपुर में कोरोना मरीज के मिलने के बाद इन सभी जनपदों से लगने वाले अयोध्या बार्डर पर सख्ती बढ़ा दी गई है। इन जनपदों से चिकित्सीय सुविधाओं, पास धारकों व अन्य आवश्यक सेवाओं को छोडक़र किसी तरह के वाहन व लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा। सोमवार को जिलाधिकारी अनुज झा व एसएसपीए आशीष तिवारी द्वारा शहरी क्षेत्र व जनपदीय बार्डर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
पड़ोसी जनपद बस्ती, गोंडा के बाद अब सुलतानपुर में कोरोना का मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन चौकन्ना हो गया है। इन तीनों जनपद के साथ बाराबंकी, अमेठी व अंबेडकरनगर जनपद की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। इन सभी सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल व मजिस्ट्रेट की तैनाती कर फल, सब्जी, दूध, मेडिकल, एंबुलेंस व अन्य जरूरी सामान लाने वाले सभी मालवाहक वाहनों व पास धारकों को छोड़कर अन्य किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था।
सोमवार को डीएम व एसएसपी ने शहरी क्षेत्र के रिकाबगंज, चौक, गुप्ता होटल, फतेहगंज सहित बस्ती व गोंडा जनपदीय बार्डर बैरियर, चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया। इस दौरान शहरी क्षेत्र में अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को जनता से अच्छा व्यवहार करने व लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने बिना मास्क बाहर निकलने वाले, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों व बिना कार्य घर से निकलने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी अनुज झा ने लोगों से अपील की कि आवश्यक सामान लेने के लिए पास की दुकानों पर पैदल जाए, अपरिहार्य कारणों में बाइक पर अकेले व हेलमेट लगाकर चले, यूपी सरकार द्वारा जारी पास लेकर ही बाहर निकलें, दुकानदार सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही दुकान खोले एवं अपनी दुकानों पर सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराए।
कहा कि दोपहर दो बजे के बाद ज्यादा से ज्यादा होम डिलवरी कराई जाए, होम डिलवरी का नंबर दुकानों के सामने चसपा कराए, मालवाहक गाड़ी, ऑन ड्यूटी नगर निगम, डॉक्टर, हेल्थ वर्कर, प्रशासन के कर्मचारी आईडी कार्ड पहन कर ही घर से निकले।
शहरी क्षेत्र समेत बार्डर पर तैनात पुलिसकर्मियों को एसएसपी आशीष तिवारी द्वारा साबुन, सैनिटाइजर व मास्क आदि उपलब्ध कराया गया। उन्होंने सोशल डिस्टेंस के साथ ड्यूटी करने व हाथों को समय-समय पर साबुन से हाथ धोने व सैनीटाइज करने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने जल पुलिस व सभी थाना प्रभारियों को नाव संचालन पर रोक लगाने व बिना जिलाधिकारी द्वारा निर्गत पास के किसी को बार्डर क्रॉस न करने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों की सुविधाओं के लिए फल, सब्जी, दूध, मेडिकल, एंबुलेंस व अन्य जरूरी सामान लाने वाले सभी मालवाहक वाहनों को न रोकने का निर्देश दिया।