तारुन में इसी क्षेत्र में विराजमान थे गणेशा प्रतिमा।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में थाना पुलिस ने सोमवार को गणेश पूजन के लिए स्थापित प्रतिमा तथा पंडाल को हटवा दिया। एक व्यापारी व उसके परिजनों से अभद्रता की। प्रकरण को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। वहीं पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति किसी को पंडाल लगाने नहीं दिया जाएगा।
तारुन कस्बे में सोमवार को गणेश चतुर्थी पर व्पापारी विजय गुप्ता ने अपनी दुकान के बगल पंडाल लगवा कर गणेश प्रतिमा स्थापित कराई और पूजा-अर्चना शुरू कराई। इसी बीच जानकारी पर इलाकाई पुलिस पहुंच गई और व्यापारी के घर पहुंचकर अभद्रता की और गणेश प्रतिमा को पंडाल से हटवाकर व्यापारी की दुकान के भीतर रखवा दिया।
बाहर से दरवाजा बंद करवा दिया। क्षेत्र के केवलापुर उर्फ तकमीनगंज बाजार में भी मूर्ति स्थापना के लिए पंडाल लगाया गया था। वहां भी रविवार रात पहुंची पुंलिस ने मूर्ति स्थापना रोकवा दी। तारुन बाजार के हैदरगंज तिराहे व विधायक आवास के निकट भी गणेश प्रतिमा नहीं लगने दी। किछूटी किशुनदासपुर में भी पूजा समिति को प्रतिमा नहीं लगाने दी गई।
इसके चलते लोगों में आक्रोश है। सभी ने प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन की मांग की है। कोतवाल परमानंद ने बताया कि बिना अनुमति किसी को प्रतिमा व पंडाल नहीं लगाने दिया जाएगा। वहीं एसडीएम अरुण कुमार मिश्रा का कहना है कि परंपरागत मूर्तियां ही रखी जा सकती हैं। नई मूर्तियों की अनुमति नहीं दी जाएगी।