अयोध्या। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने मंगलवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत सुनी। अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। सोहावल में आयोजित दिवस में पुलिस की शिकायत करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया, फरियादी को जेल भेज दिया गया। तहसील दिवस पर कुल 606 शिकायतों में 21 का ही मौके पर निस्तारण हो पाया। सोहावल तहसील में कोई भी मामला मौके पर नहीं हल हो पाया।
सदर तहसील में मुन्नी निवासी दिल्ली दरवाजा, लक्ष्मी व श्रीदेवी निवासी बहारगंज, फरजान बानो निवासी पीरबाबा की दरगाह और माधुरी देवी निवासी बछड़ा सुल्तानपुर ने आवास दिलाए जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने एडीएम को जांच कराकर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया।
नवमी पुत्र राम संवारे निवासी आलावलपुर साधू पांडे का पुरवा ने जल निकासी रोके जाने की शिकायत की। डीएम ने बीडीओ पूरा व एसओ पूराकलंदर को संयुक्त रूप से कार्रवाई कर उसी स्थान पर नाली खुलवा देने का निर्देश दिया। समाधान दिवस मेें कुल 102 शिकायतें आई। इनमें आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। सोहावल प्रतिनिधि के मुताबिक, दिवस पर रौनाही पुलिस के विरुद्ध अपने उत्पीड़न की शिकायत करना एक फरियादी को भारी पड़ गया मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार करवाकर जेल भेजवा दिया। एडीएम प्रशासन संतोष कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह की मौजूदगी में आयोजित दिवस पर कुल 114 शिकायतें सामने आई। मौके पर निस्तारण किसी का नहीं हो सका।
पिलखावां से आए कई दर्जन ग्रामीणों की शिकायत कोटेदार के विरुद्ध थी। नवंबर महीने का राशन अंगूठा लगवाने के बाद भी न बांटने का आरोप था। वहीं, देवरकोट के मजरे दिगंबरपुर से ध्रुव कुमार वर्मा के साथ आए कई दर्जन ग्रामीणों की शिकायत रौनाही पुलिस से उत्पीड़न को लेकर थी। जिस पर मौजूद प्रशासनिक अमले ने फरियादी को ही अपराधी बताते हुए पुलिस हिरासत में दे दिया और युवक जेल भेज दिया गया।
युवक के साथ आए ग्रामीणों को पुलिस ने खदेड़ कर भगा दिया। इनमें शामिल लोगों का कहना था पुलिस युवक को अनावश्यक बार-बार गिरफ्तार कर शांति भंग में जेल भेज कर उत्पीड़न कर रही है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया हिरासत में लेकर जेल भेजे गए युवक का पुराना आपराधिक इतिहास है। पहले भी कई मामलों में वांछित रहा है। दिवस में एसडीएम ज्योति सिंह, तहसीलदार वीके सिंह सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।