अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद द्वारा आयोजित उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीय हैंडबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता में अवध विवि विजेता बना। अवध विवि की टीम ने पटियाला विवि को हराकर खिताबी चैंपियनशिप अपने नाम की। विवि के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने विजेता व सभी टामों को बधाई देते हुए पुरस्कार वितरण किया।
प्रतियोगिता में आखिरी दिन मंगलवार को ऑल इंडिया मैच क्वालीफाई करने वाली चार टीमों के मध्य मैच हुए। इसमें पहले मैच में दिल्ली यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के मध्य हुए मुकाबले में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ ने दिल्ली यूनिवर्सिटी को 17-15 के अंतर से हराया। वहीं दूसरे मैच में दिल्ली यूनिवर्सिटी और डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के मध्य मैच में अवध विश्वविद्यालय 18-12 से विजयी रहा।
तीसरे मैच में पटियाला यूनिवर्सिटी ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 16-12 के अंतर से हराया। अंकों के आधार पर प्रतियोगिता का फाइनल मैच डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के मध्य हुआ, जिसमें अवध विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुये पटियाला यूनिवर्सिटी को 17-11 से हराकर नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबॉल पुरुष के खिताब पर कब्जा किया। इस तरह प्रतियोगिता में पटियाला यूनिवर्सिटी को दूसरा, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को तीसरा और दिल्ली यूनिवर्सिटी दिल्ली को चौथा स्थान प्राप्त हुआ।
प्रतियोगिता में प्रथम विजेता टीम अवध विश्वविद्यालय अयोध्या को कुलपति जी द्वारा सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उपविजेता रही पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला की टीम के सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में तीसरे स्थान पर रही पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।