कुमारगंज। पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध देसी शराब बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि, मुख्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहा।
टीम ने फैक्ट्री से 30 पेटी में 1350 शीशी अवैध शराब, अल्कोहल, स्प्रिट, शीशी व डुप्लीकेट रैपर बरामद किया है। पुलिस फरार मुख्य आरोपी में तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार भोर करीब 5 बजे कुमारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा इटौंजा निवासी राजकुमार यादव के घर छापेमारी की।
इस दौरान मौके से भारी मात्रा में अल्कोहल व नकली शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए। बरामद शराब में 30 पेटियों में पैक 1350 शीशी देसी शराब, करीब 50 लीटर प्रतिबंधित अल्कोहल, स्प्रिट, एक बोरा शीशी व डुप्लीकेट रैपर बरामद हुआ। बरामद हुई शीशियों पर पावर हाउस तथा ऑरेंज ब्रांड का लेबल लगा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, इस अवैध शराब को पड़ोसी जनपद सुलतानपुर में सप्लाई की जानी थी, सप्लाई के लिए मौके पर खड़ी एक जीप भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस ने मौके से संदीप कुमार यादव उर्फ राम प्रकट निवासी मठिया थमथुवा थाना कुमारगंज, अमरेश यादव निवासी सौरव थाना बल्दीराय जनपद सुल्तानपुर, प्रदीप यादव निवासी इटौंजा थाना कुमारगंज, राहुल चौहान, धर्मेंद्र चौहान, मोनू व मनोज निवासी जुआलीपुर थाना गोसाईगंज जनपद सुल्तानपुर मौके से ही गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मौके से इस गिरोह का मुख्य सरगना राजकुमार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
कुमारगंज थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि मामले में कुल 12 लोगों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है, इनमें से सात लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है।
क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर आरके राय ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में जानकारी प्राप्त हुई है कि यह काफी समय से यह अवैध धंधा कर रहे हैं। बताया कि पुलिस इस गिरोह की जड़ तक पहुंचना चाहती है, जांच जारी है।
वहीं, जिला आबकारी अधिकारी पार्थ रंजन घोष ने बताया कि बरामद देसी शराब अपमिश्रित है, इस पर लगे हुए ब्रांड की बिक्री सुलतानपुर जनपद में की जाती है। बताया आबकारी टीम द्वारा भी मामले की जांच की जा रही है।