अयोध्या। जिले में नर्सरी से पौधों की आपूर्ति के साथ पौधरोपण अभियान की अनौपचारिक शुरूआत हो गई है। अभियान की सफलता को नोडल अफसरों के साथ ही न्याय पंचायतवार अधिकारियों की तैनाती की गई है।
जिले में वर्षाकाल में 35,21,816 पौधे रोपित कराए जाने का लक्ष्य है। एक दिन 15 अगस्त को 17,60,290 पौधे लगाए जाएंगे।
पौधरोपण अभियान को लेकर तैयारियां तो महीनों से चल रही है। पूरे जिले में गड्ढा खोदने के साथ ही इसकी मानीटरिंग के लिए ब्लॉक वार जिलेस्तर के अफसरों को लगाया गया है। जबकि जिले की सभी लगभग 130 न्याय पंचायतों में न्याय पंचायतवार अधिकारियों को तैनाती की गई है।
ब्लॉकों में वन विभाग की नर्सरियों से पौधों की आपूर्ति के साथ ही बुधवार से अभियान की अनौपचारिक शुरूआत हो गई है। बताया गया है कि बुधवार को ब्लाकों पर वन विभाग की नर्सरियों से पौधों की खेप पहुंचने लगी है। हालांकि इस खेप में जंगली पौधों की आपूर्ति की जा रही है। इसमें सागौन, अर्जुन, केसिया जैसे पौधे शामिल हैं।
रोपित किए जाने वाले पौधों की रिपोर्टिंग तो प्रधान के स्तर से नौ अगस्त की सुबह से की जानी है लेकिन, ग्रामीण क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों पर पौधों को रोपित किए जाने का काम बुधवार से शुरू हो गया है।
मवई, अमानीगंज सहित कई अन्य ब्लाकों की सूचना के मुताबिक इन पौधों को सार्वजनिक स्थलों पर रोपित किए जाने का काम शुरू कराया गया है। हालांकि, अभी व्यक्तिगत लाभार्थियों के स्तर पर पौधरोपण नहीं शुरू कराया गया है।
पौधे वन विभाग की नर्सरियों से निशुल्क आपूर्ति किए जाने की व्यवस्था बताई गई है। जिला विकास अधिकारी हवलदार सिंह ने बताया कि पौधरोपण अभियान की मानीटरिंग के लिए ब्लाकवार नोडल अफसरों के साथ ही न्याय पंचायतवार ब्लॉक के अधिकारियों को लगाया गया है। पौधरोपण अभियान को लेकर काम शुरू हो गया है।