विश्व पर्यावरण दिवस पर बच्चों को पौधे वितरित करते जिलाधिकारी नितीश कुमार।
अयोध्या। विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विभाग की ओर से सोमवार को नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बनवीरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डीएम नितीश कुमार ने परिसर में पौधरोपण किया। सभी को संकल्प दिलाया कि वह एक पौधा जरूर लगाएं और वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करें।
उन्होंने वन विभाग की नर्सरी में काम करने वाले कर्मियों व स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को जूट का थैला, छतरी व पानी की बोतल देकर सम्मानित किया। स्कूल के बच्चों को पौध वितरित किए। डीएम ने कहा कि पेड़ है तो जीवन है। उसे सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है। तालाब, व नदियों पर अतिक्रमण न करें। उन्हें स्वच्छ रखें। प्रभागीय वनाधिकारी शितांशु पांडेय ने कहा कि मिशन लाइफ के तहत विभाग द्वारा 15 स्कूलों में पौधरोपण के कार्यक्रम किए गए हैं। इस मौके पर बीएसए संतोष कुमार राय, वन विभाग के एसडीओ केएन सुधीर, सोनल वर्मा, स्कूल प्रबंध समिति की अध्यक्ष अनारकली के साथ बच्चे व ग्रामीण मौजूद रहे।
बच्चों को रटाएं नहीं, उन्हें सिखाएं : डीएम
डीएम ने स्कूल की प्रधानाचार्य अनुपम सिंह, शिक्षिका गीता सिंह व अन्य लोगों से बातचीत में कहा कि बच्चों को रटाएं नहीं बल्कि सिखाएं। ज्ञान को बॉक्स में बंद न करें, बल्कि उसे छात्रों में बांटे। यदि कोई बच्चा स्कूल नहीं आ रहा है तो उसके बारे में पता करें। जरूरत पड़ने पर बच्चे व उसके माता-पिता की काउंसलिंग करें। यह आपकी जिम्मेदारी है कि बच्चा रोजाना स्कूल आए। बच्चों का अधिगम स्तर ठीक करें, उस पर शोध करें व ठीक करने का प्रयास करें। बच्चों को खेल-खेल में सिखाएं, शासन से मिली किट का प्रयोग करें। कहा कि इस स्कूल में पंजीकृत सभी 117 बच्चों को जागरूक कर पर्यावरण दूत बनाएं।