अयोध्या। जिला अस्पताल में फिजीशियन का अकाल है। इससे बाधित हो रही ओपीडी सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए नई तरकीब निकाली गई है। सीएमएस ने अस्पताल के तीन ईएमओ (इमरजेंसी मेडिकल अफसर) की दो-दो दिन ओपीडी में ड्यूटी लगाई है। सभी को 15 नंबर कक्ष में बैठकर मरीज देखने के लिए कहा गया है।
जिला अस्पताल में फिजीशियन के तीन पद स्वीकृत हैं। एक भी तैनाती नहीं थी। बीते वर्ष सीएमओ के अधीन डॉ. प्रशांत द्विवेदी की तैनाती हुई तो उन्हें जिला अस्पताल से संबद्ध कर दिया गया। करीब दो माह पूर्व शासन से दो और फिजीशियन यहां तैनात किए गए, लेकिन काफी समय तक एक ने भी पदभार ग्रहण नहीं किया।
सप्ताह भर पूर्व फिजीशियन डॉ. राहुल सिंह पहुंचे और एक-दो दिन ओपीडी में मरीजों को देखा। इसके बाद वह भी चले गए और लौटे नहीं। जबकि, प्रतिनियुक्ति पर रहे चेस्ट फिजीशियन डॉ. आरपी राय की प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त हो गई। ऐसे में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं।
अब सीएमएस डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. आशीष पाठक, डॉ. वीरेंद्र वर्मा व डॉ. आशुतोष प्रताप सिंह को सप्ताह में दो-दो दिन ओपीडी के कक्ष संख्या 15 में बैठकर फिजीशियन का कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
जारी आदेश में डॉ. वीरेंद्र वर्मा को सोमवार, मंगलवार, डॉ. आशीष पाठक को बुधवार, गुरुवार व डॉ. आशुतोष प्रताप सिंह को शुक्रवार, शनिवार को ओपीडी में बैठने के लिए निर्देशित किया गया है।
अस्पताल में फिजीशियन की कमी से चिकित्सीय सेवाएं बाधित हो रही हैं। ओपीडी में मरीजों की अधिकता से एक ही फिजीशियन के ऊपर काफी भार पड़ता है। शासन से व्यवस्था होने तक ईएमओ से फिजीशियन की सेवाएं लेने का निर्णय लिया गया है।
-डॉ. सीबीएन त्रिपाठी, सीएमएस