नगर निगम अयोध्या के परिसीमन की रिपोर्ट प्रदेश शासन को भेज दी गई। नगर निगम में 60 वार्ड बनाए गए हैं। अब शासन इसकी जांच पड़ताल करेगा। इसके बाद अनंतिम प्रकाशन के लिए यहां भेजा जाएगा। वार्ड सृजन के बाद प्रशासन नए सिरे से मतदाता सूची पर काम करेगा।
योगी सरकार ने फैजाबाद और अयोध्या को मिलाकर नगर निगम अयोध्या बना दिया। प्रशासक की तैनाती के बाद शासन ने निगम के परिसीमन का निर्देश दिया। निगम की व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद अब तेज हो गई है।
रात-दिन में परिसीमन का काम पूरा करके मंगलवार को इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई। अब शासन प्रशासन द्वारा किए गए परिसीमन की पड़ताल करेगा। इसके बाद इसकी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार अन्य निकायों के साथ नवसृजित नगर निगम अयोध्या का चुनाव कराना चाहती है।
इसलिए भी प्रक्रिया तेजी से निपटाई जा रही है। परिसीमन की रिपोर्ट आने के बाद अनंतिम प्रकाशन करके आपत्तियां मांगी जाएगी। इसके बाद अंतिम प्रकाशन होगा। फिर चुनाव की सबसे अहम् मतदाता सूची तैयार किए जाने की प्रक्रिया होने की संभावना है।
जिला प्रशासन में निकाय के नोडल अफसर व अपर जिलाधिकारी नगर विंध्यवासिनी राय ने बताया कि नगर निगम के वार्डों का परिसीमन पूरा करके शासन को भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम में 60 वार्ड का प्रस्ताव है।