अयोध्या की परिक्रमा के लिए चौदहकोसी और पंचकोसी मार्ग लम्बे समय से दुर्दशाग्रस्त थे। वर्ष 2009-10 में इस सड़क पर करोड़ों खर्च कर चौड़ीकरण व उच्चीकरण किया गया लेकिन कुछ ही साल में सड़क उखड़ने लगी।
उखड़ी पिच व गिट्टियों पर परिक्रमा करने वाले लाखों भक्तों के पांव छलनी हो जाते। साधु-संतों की ओर से मार्ग की दुर्दशा पर आवाज उठाई जाती रही है। भक्तों की इस पीड़ा को सयुस के प्रदेश महासचिव अनिमेष प्रताप सिंह ने बीते माह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समक्ष उठाया।
मुख्यमंत्री ने त्वरित विकास निधि से 13 करोड़ रुपये जारी किए। 19 नवंबर से शुरू हो रहे कार्तिक मेला से पहले 24 किमी परिक्रमा मार्ग पर पीडब्ल्यूडी ने काम पूरा कर लिया है। 14 कोसी मार्ग पर 16 किमी और पंचकोसी मार्ग पर आठ किमी का काम कराया गया है।
अनिमेष प्रताप कहते हैं कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्तिक मेला से पहले सड़क बन गई। मुख्यमंत्री की अयोध्या-फैजाबाद के विकास में खास रुचि है। परिक्रमा मार्ग पर दो हजार से अधिक परिजात समेत धार्मिक व पौराणिक महत्व के पेड़ भी लगवाए गए हैं।
13 करोड़ रुपये से दुरुस्त हुआ मार्ग
वर्ष 2009-10 में बना परिक्रमा मार्ग कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया था। पहले कई बार मार्ग मरम्मत के प्रोजेक्ट जिला प्रशासन के माध्यम से भेजे गए मगर मंजूरी नहीं मिली। इस बार सीएम ने करीब 13 करोड़ की राशि आवंटित की। उससे 22 दिन में चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर 16 किमी और पंचकोसी मार्ग पर आठ किमी सड़क पर बीएम और एसटीबीसी की गई है। -एके सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी