अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विवि की इस वर्ष की वार्षिक परीक्षा में ऑनलाइन पेपर भेजे जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इससे प्रिंटिंग व परीक्षा के खर्च में कमी आएगी। इसके लिए एमबीए विभाग की सेमेस्टर परीक्षा में सफल परीक्षण किया जा चुका है।
ये बातें विवि के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने विवि में नए शिक्षण सत्र के आगाज पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने इस दौरान अपने दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर उपलब्धियों का ब्योरा भी दिया।
बताया कि उनके आने से पहले मुख्य परीक्षा में खर्च 16 करोड़ रुपये का आया था। उनके आने के बाद यह खर्च लगातार कम हुआ है। इस वर्ष मुख्य परीक्षा का व्यय मात्र छह करोड़ रुपये आया है।
अगले वर्ष से ऑनलाइन पेपर महाविद्यालयों को भेजे जाने से खर्च में दो करोड़ रुपये की कमी आने के आसार हैं। कुलपति ने बताया है कि एमबीबीएस की परीक्षाओं की शुचिता पर उठ रहे सवालों के मद्देनजर पूरी परीक्षा एक ही केंद्र पर आयोजित कराई गई है।
इससे परीक्षा खर्च कम होने के साथ नकल की आशंका भी समाप्त हो गई हैं। इस दौरान प्रति कुलपति एसएन शुक्ला, कार्य परिषद सदस्य ओम प्रकाश सिंह, मीडिया प्रभारी केके वर्मा, बिजयेंदु चतुर्वेदी सहित प्रोफेसर व अध्यापक मौजूद रहे।
इंजीनियरिंग कॉलेज में दो शिफ्ट में कक्षाएं चलाने की कोशिश
कुलपति ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज में उनके आने से पूर्व काफी समस्याएं थी। इस वर्ष से शत-प्रतिशत 1.75 करोड़ रुपये फीस जमा हुई है।
साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज की समस्त परीक्षाओं से लेकर मूल्यांकन व एडमिशन प्रक्रिया पूरी तरह पेपरलेस हो गई है। मूल्यांकन के लिए इस बार उत्तर पुस्तिकाएं ऑनलाइन भेजी जाएंगी।
इसमें परीक्षक को एक लॉगिन और पासवर्ड दिया जाएगा। यह चेक किए जाने की व्यवस्था है कि कब, किसके द्वारा लॉगिन किया गया। बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज में तेजी से विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है। इसके लिए कक्षाएं बढ़ाकर दो शिफ्ट में चलाए जाने पर मंथन चल रहा है।
नए भवनों का जल्द होगा लोकार्पण
कुलपति ने बताया है कि उनके कार्यकाल में शुरू हुए दीक्षाभवन, दीक्षांत मंच सहित कई बिल्डिगें बनकर तैयार हैं। इसका लोकार्पण जल्द किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने नए ईडीपी सेंटर, मीडिया सेंटर व लाइब्रेरी में दी जाने वाली सुविधाओं का भी बखान किया। कुलपति ने 32 नए पाठ्यक्रमों, ग्रीन समिति की आगामी योजनाओं के बारे में पत्रकारों से विचार साझा किए।