बीकापुर तहसील क्षेत्र में सोमवार सुबह स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक टेम्पो पलट गया। हादसा बीकापुर-उमरपुर मार्ग पर मलेथूकनक के पास हुआ है। टेम्पो में कुल 20 बच्चे सवार थे, जिसमें 10 बच्चे घायल हुए हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घायल बच्चों को सीएचसी बीकापुर में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद वाहन छोड़ चालक मौके से भाग निकला।
सुबह करीब आठ बजे एक टेम्पो अलग-अलग गांव के 20 बच्चों को लेकर मलेथू कनक क्षेत्र में ब्लॉक रोड स्थित पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल जा रहा था। बीकापुर-उमरपुर मार्ग पर टेम्पो मलेथूकनक गांव के समीप पहुंचा तो सड़क की पटरी पर कीचड़ होने के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मची तो आसपास लोग दौड़े।
सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल बच्चे आठ वर्षीय खुशी, पांच वर्षीय दीपांश, पांच वर्षीय कुणाल, 10 वर्षीय नेहा, नौ वर्षीय मुस्कान, पांच वर्षीय अभिषेक, आठ वर्षीय अनिकेत, 10 वर्षीय बीसू, 12 वर्षीय प्रियांशु व आठ वर्षीय अंकुर को सीएचसी बीकापुर लाकर भर्ती कराया गया।
वहीं मामूली चोटहिल बच्चों में से कुछ को मौके पर पहुंचे अभिभावकों ने स्कूल तो कुछ को घर पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि टेम्पो पर क्षमता से ज्यादा सवार थे। ओवरलोडिंग के चलते कीचड़ पड़ने पर टेम्पो पलट गया और उसका चालक माजरा देख मौके से भाग निकला।
हादसे के बाद जिला पंचायत सदस्य अवतंाश तिवारी, पंडित पवन देव, केएस मिश्र, एडवोकेट आशाराम निषाद, प्रधान गुड्डू निषाद व ग्रामीणों ने मदद की और विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार पांडेय ने अस्पताल पहुंच हालचाल लिया।
कोतवाली के एसआई राजकुमार सिंह ने बताया कि घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है। चालक मौके से भाग निकला है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। एसडीएम अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि निजी विद्यालयों के वाहनों में ओवरलोडिंग व लापरवाही की जांच कराई जाएगी।