अयोध्या। बीते पांच वर्ष से गर्भाशय के विशालकाय ट्यूटर से परेशान महिला को बीते बुधवार को राहत मिली। लखनऊ तक के बड़े अस्पतालों में इलाज के बाद भी आराम न मिलने पर अंतत: मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉ मेराज अहमद सहित चार चिकित्सकों की टीम ने आपरेशन कर चार किग्रा का ट्यूमर निकाला। करीब तीन घंटे तक चले इस आपरेशन के बाद अब महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।
शहर के फतेहगंज निवासी शिव कुमारी (42) बीते करीब पांच वर्ष से गर्भाशय में ट्यूमर की समस्या से ग्रसित हैं। इसकी वजह से असहनीय पीड़ा से जूझ रही हैं। महिला ने पहले तो जिले के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन आराम न होने पर लखनऊ के सरकारी व बड़े निजी अस्पतालों में भी संपर्क किया।
कई विशेषज्ञ चिकित्सकों के इलाज के बावजूद भी परेशानी से छुटकारा न मिलने पर शिव कुमारी ने मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉ मेराज अहमद से बीते 21 अगस्त को संपर्क किया।
अधिक रक्तस्राव होने की वजह से महिला के शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा भी सात ग्राम पहुंच गई थी। जांच आदि कराकर डॉ मेराज ने मरीज को भर्ती करके आयरन का इंजेक्शन देकर करीब पंद्रह दिन तक तैयारी की और 12 ग्राम हीमोग्लोबिन होने पर बुधवार को फिर से आपरेशन के लिए तैयार किया।
बुधवार को डॉ मेराज अहमद ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ विक्रांत, जेआर डॉ शशिकांत, बेहोशी के चिकित्सक डॉ सत्यपाल, डॉ विष्णु की टीम ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार किग्रा का ट्यूमर महिला के गर्भाशय से निकाला।
डॉ मेराज ने बताया कि ट्यूमर में बड़ी आंत भी चिपक गई थी, इससे समस्या और बढ़ गई थी। इसी वजह से महिला असहनीय पीड़ा से जूझ रही थी। फिलहाल आपरेशन के बाद महिला की हालत सामान्य है, एक सप्ताह तक भर्ती करने के बाद टांका काटा जाएगा। उसके बाद महिला को डिस्चार्ज किया जाएगा।