अयोध्या। कोतवाली रुदौली में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया। ऐहार गांव से 10 किलोमीटर पैदल चलकर कोतवाली आई जसमता ने शिकायत की कि गांव के ही दबंग लोग उसकी जमीन पर निर्माण करा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने राजस्व व पुलिस कर्मियों को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित करते हुए ई-रिक्शा बुलाकर महिला को गांव पहुंचाने के लिए चालक को पारिश्रमिक का भुगतान भी किया। जनपद के सभी थानों पर कुल 271 शिकायतें आईं जिनमें से 33 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष 238 प्रकरणों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए गये।
कोतवाली नगर में मंडलायुक्त नवदीप रिणवा व एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान पांच शिकायतें आई जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। थाना कैंट में आईं छह शिकायतों में से दो का, कोतवाली अयोध्या में आईं आठ शिकायतों में से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं थाना रामजन्मभूमि व थाना पटरंगा में कोई शिकायत नहीं आई।
बीकापुर कोतवाली में तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी की मौजूदगी में 16 शिकायतें आईं, पांच का निस्तारण किया गया। थाना तारुन पर नायब तहसीलदार गरिमा वर्मा की मौजूदगी में 15 प्रार्थना पत्र आए, इनमें से तीन का निस्तारण किया गया। महराजगंज थाने में एसडीएम सदर रामकुमार शुक्ला की मौजूदगी में 20 शिकायतें आईं, किसी का भी निस्तारण नहीं हो सका।
रौनाही थाना पर एसडीएम सोहावल अनुराग प्रसाद की मौजूदगी में 19 शिकायतें आई, इनमें से चार का निस्तारण करा दिया गया। पूरा कलंदर थाने में 56 शिकायतें आईं। उप जिलाधिकारी सोहावल न्यायिक जयजीत कौर की मौजूदगी में जमीन विवाद संबंधी दो मामले निस्तारित कर दिए गए। अन्य मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग की टीम के साथ पुलिस मौके पर भेजी गई है।
कोतवाली रूदौली में उप जिलाधिकारी स्वप्निल यादव ने पुराने प्रार्थना पत्र पर की गई कार्रवाई को रखा। इस दौरान 10 शिकायतें आईं जिनमें से दो का निस्तारण हुआ। थाना मवई पर नौ में से दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। मिल्कीपुर सर्किल के तीनों थानों कुमारगंज, इनायतनगर व खंडासा मुख्यालयों पर 69 शिकायतें आईं जिनमें से तीन का निस्तारण करा दिया गया।
बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के मौरावां निवासी वासुदेव द्वारा शिकायत पत्र देकर बताया गया कि सार्वजनिक रास्ते पर गांव की ही विपक्षी शिव कुमार द्वारा निर्माण किया जा रहा है। इससे लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। तहसीलदार द्वारा पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम गठित करके समस्या का निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया गया। मलेथू कनक निवासी श्याम सिंह द्वारा शिकायत पत्र देकर बताया गया कि उनकी खतौनी की जमीन पर विपक्षी भुल्लर द्वारा जबरदस्ती छप्पर रखने का प्रयास किया जा रहा है। तहसीलदार द्वारा जांच करके आख्या देने का निर्देश दिया गया।
तारुन थाना क्षेत्र की ग्रामसभा गुरौली निवासी अहमद हुसैन ने थाना दिवस में प्रार्थना पत्र दिया कि उसने ग्रामसभा पारागरीबशाह में जमीन का बैनामा कराया था जिसकी खारिज दाखिल भी हो गया है लेकिन विपक्षी उस पर कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। कानूनगो विनोद कुमार मालवीय ने लेखपाल और पुलिस टीम बनाकर उनका कब्जा दिलवाने के लिए निर्देश दिया।