अयोध्या। एक देश एक चुनाव का समर्थन पूर्व मुस्लिम पक्षकार इकबाल अंसारी व मंदिर निर्माण के लिए आमरण अनशन करने वाले जगद्गुरू परमहंसाचार्य ने भी किया है। परमहंसाचार्य शनिवार को इकबाल के आवास पर पहुंचे और दोनों ने पूजा व दुआ मांग कर इसका समर्थन किया।इकबाल अंसारी ने कहा कि एक देश एक चुनाव का प्रस्ताव देश में कुबूल हो, इसकी दुआ मांगी है। कहा कि देश में जब एक सिक्का है तो एक कानून व एक इलेक्शन भी होना चाहिए। अल्लाह से दुआ मांगी है कि हमारी जनता जो मांग रही है, वह कुबूल हो। प्रधानमंत्री देशहित में काम कर रहे हैं, देशवासी उनके बताए रास्ते पर चलें। जगद्गुरू परमहंसाचार्य ने कहा कि एक देश, एक चुनाव व एक कानून राष्ट्रहित में है। एक चुनाव से देश में विकास की रफ्तार और बढ़ेगी। बार-बार होने वाले चुनाव से पैसे की फिजूलखर्ची भी रुकेगी।
रामजन्मभूमि के पुजारी भी समर्थन में उतरे
रामजन्मभूमि के पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने भी ''एक देश एक चुनाव'' का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह कानून देश के हित में होगा। कहा कि हर साल देश में कहीं न कहीं चुनाव होता है, इससे पैसे की बर्बादी होती है। एक देश एक कानून से चुनावों पर अनावश्यक खर्च होने वाला पैसा विकास के लिए काम आएगा, जिससे देश की तरक्की होगी। बताया कि उन्होंने भी इस राह की बाधाओं के निवारण के लिए रामलला से प्रार्थना की है।