अयोध्या। अयोध्या दर्शन करके ट्रॉली से लौट रहे श्रद्धालुओं को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रॉली में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां एक को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे कैंट कोतवाली क्षेत्र के अब्बूसराय के निकट अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर हुआ।
बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनार का पुरवा निवासी 10 श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन-पूजन कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मंगलवार रात वापस लौट रहे थे।
देर रात करीब 02:30 बजे लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर कैंट कोतवाली क्षेत्र के अब्बूसराय के निकट पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रॉली में बैठे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कैंट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीन एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. आशीष पाठक ने जगन्नाथ (58) पुत्र भभूती प्रसाद को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। दुर्घटना में घायल कपिल वर्मा (28) पुत्र रामचंदर, सूरज लाल चौहान (60) व बैजनाथ (65) पुत्रगण दिवंगत नथ्या, अवधेश कुमार वर्मा (32) पुत्र राममिलन, प्रमोद कुमार (35) पुत्र राजाराम व धीरज कुमार चौहान (30) पुत्र राकेश कुमार को भर्ती करके इलाज किया जा रहा है।
दुर्घटना की सूचना पर एसएसपी प्रशांत वर्मा, सीओ नगर शैलेंद्र सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। साथ ही आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।
प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट रतन कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना करने वाले ट्रक का नंबर नोट कर लिया गया था, जिसके आधार पर केस दर्ज कराया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों को सूचित किया गया है।