मिल्कीपुर। इनायतनगर गदुरही संपर्क मार्ग पर भाले सुल्तान गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत हो गई। दूसरा घायल हो गया। भाले सुल्तान गांव निवासी अधिवक्ता भानु प्रताप यादव का बेटा अजय प्रताप यादव व अस्थना पूरे शंकर मिश्र गांव निवासी हनुमान मिश्रा एक बाइक पर सवार होकर इनायतनगर से घर आ रहे थे। भाले सुल्तान गांव के पास विपरीत दिशा स्थित बिसाही गांव की ओर से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहा अजय प्रताप यादव (23) व सवार हनुमान मिश्रा घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी मिल्कीपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने अजय प्रताप यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। अधिवक्ता के बेटे की मौत की खबर मिलते ही बार एसोसिएशन मिल्कीपुर के अधिवक्ता सहित अन्य लोगों ने उनके घर पहुंचकर शोक़ संवेदना व्यक्त की। संवाद