अयोध्या। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर किन्नर समाज भी उत्साहित है और उत्सव मनाने की तैयारी कर रहा है। उज्जैन से अयोध्या पहुंचीं जूना अखाड़ा किन्नर समाज की महामंडलेश्वर पवित्रानंद गिरि ने कहा है कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी के दिन किन्नर समाज भी देशभर में उत्सव मनाएगा। वह इस दिन रामलला के सामने जन्मोत्सव की बधाई गाना चाहती हैं। उन्होंने रामलला व हनमुंतलला के दरबार में भी हाजिरी लगाई।
जूना अखाड़ा गुजरात से आईं भैरवी नंद गिरी ने कहा कि भव्य मंदिर में ही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा नहीं होगी, बल्कि हर घर में राम विराजेंगे। हर घर में दिवाली मनाई जाएगी। अयोध्या किन्नर समाज की अध्यक्ष पिंकी मिश्रा ने बताया कि किन्नरों ने श्रीराम को गोद में लिया, ढोलक-मजीरा बजाकर बधाई गाई। बलइयां लीं और उस नेग को स्वीकार किया, जिसे राजा दशरथ के लाख अनुरोध के बाद भी कोई नहीं स्वीकार कर रहा था। अहो भाग्य, राम जी फिर पधार रहे हैं। अपार खुशी है राम जी अपने राजमहल में विराजमान हो रहे हैं तो हम किन्नर झोली फैलाकर यह मांग कर रहे हैं कि भले एक पैसा ही सही, हमें राम जी का नेग दिया जाए। हम राम जी का ही दिया खाते हैं और उन्हीं के गुण गाते हैं। इस दौरान किन्नर लवली, नरगिस मौजूद रहीं।
मैसूर राज परिवार के गुरु अयोध्या पहुंचे
अयोध्या। मैसूर राज परिवार के गुरु स्वामी सुनील दास सोमवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने रामजन्मभूमि के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास से मुलाकात की। उन्हें गुरुवायुर, अय्यपा मंदिर, सबरीमाला और मैसूर के चामुंडी देवी का प्रसाद सौंपा। उन्होंने कहाकि भगवान राम उत्तर व दक्षिण के सेतु हैं। राम ने अपनी वनयात्रा में गिरिजन, वनवासी जन और हर वर्ग के साथ स्नेह संबंध स्थापित किया।