प्रदेश विधानसभा निर्वाचन की ब्रांड एंबेस्डर पद्मश्री अरुणिमा सिन्हा ने कहा कि 365 दिन अपने लिए लेकिन एक दिन देश के लिए जिएं। आपको खुद से संकल्प करने की जरूरत है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि युवा इतिहास बदलता है।
आप वोट नहीं बेचते देश को बेचते हैं। अपने मन से वोट करो, सुनो सबकी। कहा कि जिले के लोगों को देशभक्ति तो 27 फरवरी को दिखानी है। घर की सभी सदस्यों को बूथ तक ले जाएं क्योंकि आज का ब्रांड एंबेस्डर युवा है।
सुश्री सिन्हा शुक्रवार को साकेत महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित व मीडिया से बात करते हुए बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि हर किसी के अंदर कोई न कोई क्वालिटी जरूर होती है। जब परेशानियां बहुत बढ़ जाएं तो समझ लेना चाहिए कि ऊपर वाला आपके लिए कुछ सुनहरा सोच रहा है।
जीवन के उतार-चढ़ाव से खुश होना चाहिए। इसके लिए आत्मविश्वास की जरूरत होती है। वह आत्मविश्वास आने वाले थपेड़ों से लड़ने का जज्बा देता है। कहा कि आज मेरा परिवार मेरी रीढ़ की हड्डी है। वह न होता तो मैं यहां तक नहीं आ पाती। काम करने का पागलपन होना चाहिए। पागलपन का मतलब अब मुझको समझ में आया है। बशर्ते आप अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार हों।
कहा कि जब मैं चोटी पर झंडा फहराने जा सकती हूं तो आप एक वोट करने नहीं जा सकते। अपने युवा शक्ति की ताकत दिखाइए। इस बार वोट का प्रतिशत बढ़ा है। आज का युवा खुश है। अबकी बार अधिक वोटिंग होगी। कहा कि घर से पोलिंग बूथ तक निकलो, कुछ न समझ में आए तो नोटा का ही बटन दबाएं।
फैजाबाद के ब्रांड एंबेस्डर डॉ. निहाल रजा ने कहा कि आप अपने बच्चों का भविष्य कितने में बेचना चाहते हैं, जो आज आपको खरीद रहा है। वह कल आपको बेचेगा। हमें अपनी शक्ति को पहचाना है। हमने एक सेल्फी बूथ बनाया है।
जो छात्र-छात्राएं अधिक से अधिक परिवार व अन्य लोगों की अधिक से अधिक वोटिंग कराने की सेल्फी कॉलेज प्राचार्य को लाकर देंगे, उन्हें पुरस्कार व प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद सुश्री सिन्हा के साथ छात्राओं ने सेल्फी व आटोग्राफ लिया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. प्रदीप खरे, डॉ. श्वेता गुप्ता, डॉ. सुरेंद्र जायसवाल, डॉ. ऋचा पाठक, जमुना प्रसाद, डीआईओएस देवी शंकर तिवारी, डॉ. एनडी पांडेय, डॉ. मंजूषा मिश्रा आदि मौजूद रहे। वहीं अवध विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।