फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नयाघाट पर अफरातफरी, वृद्धा की मौत

Wed, 05 Apr 2017 11:18 PM IST
amar ujala
विज्ञापन
विज्ञापन
चैत्र रामनवमी मेले के मुख्य पर्व पर बुधवार भोर में सरयू स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए नयाघाट बंधा तिराहे पर उमड़ी भारी भीड़ के दबाव से भगदड़ मच गई। निर्माणाधीन प्रवेश द्वार के पास भीड़ के बीच फंसी एक वृद्धा की सांसे थम गई।
विज्ञापन


भगदड़ की चपेट में आने से कई श्रद्धालु सड़क पर गिरकर घायल हो गए। पांच घायलों को श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां से दो महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रूट डायवर्ट कर क्षेत्र में भीड़ के दबाव को कम कर स्थिति संभाली। सूचना पर एसएसपी समेत अन्य अफसर मौके पर पहुंचे।

मेले के मुख्य पर्व को लेकर मंगलवार शाम से ही लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने नगरी में डेरा डाल दिया था। मठ-मंदिरों के साथ राम की पैड़ी आदि स्थानों पर श्रद्धालुओं से पटे रहे। बुधवार भोर से ही सरयू के स्नान घाट स्नानार्थियों से पट गए।
विज्ञापन


पौ-फटते-फटते स्नान घाट से प्रमुख मंदिरों तक मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए थे। सुबह पांच बजते-बजते नयाघाट बंधा तिराहे के पास भीड़ का दबाव अधिक बढ़ गया। सुबह लगभग छह बजे बंधा तिराहे पर भगदड़ मच गई, सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे सुरक्षाकर्मी भी भीड़ के दबाव से गिर पड़े।

निर्माणाधीन प्रवेश द्वार के पास लगभग आधे दर्जन से अधिक श्रद्धालु भगदड़ की चपेट में आकर गिर गए। श्रद्धालुओं के भीड़ में दबने से सुरक्षाकर्मी तत्काल एक्शन में आए और हादसे वाले स्थल को घेर कर घायलों को भीड़ से बाहर निकाल उन्हें श्रीराम अस्पताल भिजवाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दुलारी देवी (65) पत्नी साहू राम निवासी तितनी बाजार नौगढ़ सिद्धार्थनगर को मृत घोषित कर दिया।  हादसे के बाद डीआईजी राकेश चंद्र साहू, एसएसपी अनंतदेव, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी, एसपी सिटी उदय शंकर मौके पर पहुंच गए।

एसपी सिटी ने कहा कि सुबह नया घाट के पास करीब दो लाख की भीड़ थी, वहां भीड़ के दबाव से सांस लेना मुश्किल था। इसी भीड़ में वृद्धा दुलारी देवी फंस गई, तत्काल एंबुलेंस लेकर उसे निकाला गया, उसके पास एक महिला लखपति मिश्रा भी बेहोश मिली। दोनों को श्रीराम अस्पताल भेजा गया, जहां दुलारी की मौत हो गई।

हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल भर्ती कराया गया। इनमें लखपती मिश्र (50) निवासी कहनिया पश्चिम झारखंड मंदिर, जिला सुल्तानपुर, मालती पांडेय (52) निवासी जौनपुर, रामजी (56) निवासी संतकबीरनगर, सोमवती (50), धनेश्वरी देवी (75) शामिल हैं। गंभीर घायल लखपति मिश्रा और पैर टूटने से घायल सोमवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 

एसएसपी अनंतदेव ने बताया कि मेले में भगदड़ नहीं हुई, भीड़ के दबाव के कारण महिला का ब्लड प्रेशर हाई होने पर हालात बिगड़ी तो उसे श्रीराम अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हार्टअटैक से मौत होना बताया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें