तेज आंधी-बारिश के साथ रविवार दोपहर में आकाशीय बिजली ने कहर ढाया। बिजली गिरने से दर्जनों पेड़ व बिजली के पोल धराशायी हो गए। तारुन, बाकीपुर, सोहावल के कई क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। हालांकि शहर में कोई असर नहीं रहा।
बीकापुर तहसील क्षेत्र के चार गांवों में बिजली गिरने से चपेट में आकर चार बच्चे झुलस गए। उधर, हैदरगंज में भी बिजली गिरने से चार लोग झुलस गए, जबकि एक वृद्ध की दहशत से मौत हो गई। तीन छप्पर भी जल गए और एक गाय की झुलसकर मौत हो गई। झुलसे सभी लोगों को अलग-अलग सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के कोंदैला गांव के मजरे खजुरी में रविवार दोपहर आंधी व बारिश के वक्त विकास (10) पुत्र राम जुगुन, मोनू तिवारी (12) पुत्र सिद्धनाथ, उसका भाई राहुल (14) बाग में आम बीन रहे थे। तभी अचानक बिजली गिरने से तीनों झुलस गए। चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने समाजवादी एंबुलेंस सेवा को फोन किया।
करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस आने पर तीनों को सीएचसी पहुंचाया गया। दूसरा हादसा तारुन थाना क्षेत्र के दहलवा गांव में हुआ। बाग में खेल रही सुषमा (8) पुत्री गोविंद निषाद बिजली गिरने से झुलस गई। उसे भी सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर मोनू व सुषमा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
तीसरा हादसा तारुन थाना क्षेत्र के खौंवपुर गांव में हुआ। यहां बिजली गिरने से राममूरत दूबे के तीन छप्पर जल गए जबकि एक छप्पर में बंधी एक गाय की झुलसकर मौत हो गई। उधर, हैदरगंज थानाक्षेत्र के पछियाना कटरा गांव में बिजली गिरने से सीताराम साहू (60) की दहशत से मौत हो गई।
जबकि राजबहादुर (30), मुन्नीलाल (50), छविलाल (60) व मनीराम (59) झुलस गए हैं। इन्हें सीएचसी तारुन में भर्ती कराया गया है। नायब तहसीलदार अवधेश चौहान ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बताया कि सभी प्रभावित गांवों में क्षति का आंकलन करने के लिए हल्का लेखपालों को भेजा गया है।
पेड़ गिरने से आवागमन बाधित
तारुन। भीषण गर्मी के बाद तेज आंधी और फिर झमाझम बरसात से किसानों के चेहरे खिल उठे। वहीं, तेज आंधी में क्षेत्र के दर्जनों पेड़ व बिजली के खंभे धराशायी हो गए। इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। तारुन रसूलाबाद मार्ग पर दर्जन भर से अधिक पेड़ गिर गए।
इसकी चपेट में आने से कई पोल व बिजली के तार भी टूट गए। पेड़ गिरने से तारुन पिपरी मार्ग भी अवरुद्ध रहा। तेज बरसात से बाजारों में पानी भर गया। वहीं, घंटे भर से अधिक हुई बरसात से किसानों के चेहरे खिल गए हैं।
दीवार गिरने से महिला घायल
सोहावल। रौनाही गांव में आंधी के दौरान मिट्ठू यादव के घर की दीवार गिरने से चपेट में आकर एक महिला घायल हो गई। वहीं, रौनाही में दो पोल व कई तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। एसडीओ आरएस वर्मा ने बताया लाइन दुरुस्त कराई जा रही है।