अयोध्या के दर्शननगर रेलवे स्टेशन के पास बंद रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन से कटकर एक मिस्त्री की मौत हो गयी। मसौधा ब्लॉक के फिरोजपुर गांव निवासी यह युवक फैजाबाद नगर में कहीं काम करके अपने घर लौट रहा था।
देर शाम हुए दर्दनाक हादसे के बाद चौकी दर्शननगर और जीआरपी अयोध्या चौकी के प्रभारी भी मौके पर पहुंच गये। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फरोजपुर गांव का रहने वाला विनय कुमार पुत्र रामस्वारथ एक अन्य साथी के साथ बाइक से शहर में काम करने गया था। देर शाम दोनों काम समाप्त कर एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक विनय चला रहा था, जबकि साथी बैठा था।
फैजाबाद-अकबरपुर रोड पर दर्शननगर रेलवे क्रॉसिंग गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस को गुजारे जाने के लिए बंद थी। साथी क्रॉसिंग बंद होने पर उतर गया, जबकि विनय बाइक नीचे से निकालने लगा।
इसी बीच अकबरपुर की ओर तेज गति से जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया। इस घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गये और विनय का क्षतविक्षत शव दो सौ मीटर दूर ट्रैक के किनारे पड़ा मिला।
घटना की सूचना पर दर्शननगर चौकी पुलिस पहुंची। उसने जीआरपी का क्षेत्र होने पर इसकी सूचना अयोध्या भेजी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी चौकी मानवेंद्र पाठक ने शव को कब्जे में ले लिया।