नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के 17वें दीक्षांत समारोह में 51 होनहारों को स्वर्ण पदक समेत 686 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर व पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। शुक्रवार को होने वाले आयोजन को लेकर कुलपति ने अपनी टीम के साथ तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कुलपति प्रो. अख्तर हसीब ने बुधवार को आयोजन से संबंधित सभी स्थलों का निरीक्षण करके अधिकारियों व आयोजन समितियों के अध्यक्षों व सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश व सुझाव दिए। कुलाधिपति के विश्राम के स्थान से लेकर लंच कक्ष व किसान भवन के सामने बन रहे पांडाल का भी उन्होंने जायजा लिया।
कुलाधिपति रामनाईक का हेलीकाप्टर शुक्रवार सुबह 10:25 बजे विवि परिसर में बनाए गए हैलीपैड पर उतरेगा। जहां से वो दीक्षांत समारोह स्थल पहुंचेंगे। किसान भवन से दीक्षांत पांडाल में शैक्षणिक शोभायात्रा 11:07 बजे पहुंचेगी। कार्यक्रम में अन्य औपचारिकताओं के साथ कुलाधिपति विभिन्न वर्गों के 51 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे। इसके बाद 01:55 बजे वह विवि परिसर से प्रस्थान करेंगे।