अयोध्या। रामजन्मभूमि की सुरक्षा परखने के लिए शुक्रवार को एनएसजी की टीम अयोध्या पहुंची है। टीम दो दिनों तक अयोध्या में रुकेगी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगी।
रामजन्मोत्सव के दौरान यह टीम अयोध्या में मौजूद रहेगी। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां समय-समय पर रामजन्मभूमि व अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था परखने पहुंचती हैं इसी क्रम में एनएसजी की टीम भी अयोध्या पहुंची है।
एनएनसीजी की टीम में शामिल अधिकारियों ने शुक्रवार को श्रीराम जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। टीम ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र सहित एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय के साथ बैठक कर परिसर व रामलला की सुरक्षा को लेकर गहन समीक्षा की।
रामजन्मभूमि की नए सिरे से सुरक्षा का खाका तैयार किया जा रहा है। राममंदिर बनने के बाद प्रतिदिन करीब एक लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन को पहुंचेंगे ऐसे में सुरक्षा को लेकर नया खाका तैयार किया जा रहा है।
इसी के मद्देनजर एनएसजी की टीम भी अयोध्या पहुंची है। वह दो दिनों तक अयोध्या में रुकेगी और रामजन्मभूमि परिसर सहित पूरी अयोध्या की सुरक्षा की जानकारी लेगी। साथ ही रामनवमी मेले की सुरक्षा व्यवस्था की भी निगरानी टीम द्वारा की जाएगी।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि रामजन्मभूमि की सुरक्षा का ऑडिट समय-समय पर विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जाती है, इसी क्रम में एनएसजी भी सुरक्षा परखने अयोध्या पहुंची है।