सिपाही भर्ती में दौड़ लगाते अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित सिपाही भर्ती में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के दो दिन सार्वजनिक अवकाश के बाद बरसात ने सोमवार को फिर खलल डाली। बरसात के चलते अपनी पारी का इंतजार कर रहे 225 अभ्यर्थी दौड़ नहीं लगा पाये।
इनको मंगलवार को छूटे अभ्यर्थियों की दौड़ में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। पुलिस लाइंस पर चल रही दूसरे चरण में भर्ती के 26वें दिन सोमवार को केवल 432 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई और 354 को सफल घोषित किया गया।
वहीं दौड़ लगाने वाले 78 को असफल घोषित कर दिया गया। दौड़ में एक अभ्यर्थी गश खाकर गिर पड़ा। जिसे उपचार के लिए भेजा गया। सिपाही पद पर भर्ती के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से फैजाबाद पुलिस लाइंस ग्राउंड पर परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों अंबेडकरनगर, सुलतानपुर, फैजाबाद, बाराबंकी व अमेठी के अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जा रही है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा का दूसरा चरण 22 अप्रैल को शुरू हुआ था। तय कार्यक्रम के मुताबिक सामान्य रुप से 23 मई तक अभ्यार्थियाें को दौड़ के लिए बुलाया गया है, जबकि 24 मई को शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान छूटे अभ्यर्थियों को दौड़ का मौका दिया जाएगा।
सार्वजनिक अवकाश के चलते शनिवार व रविवार को दौड़ स्थगित रहन के बाद सोमवार को दौड़ फिर से शुरू हुई तो केवल 757 अभ्यर्थियों ने भर्ती बोर्ड का काम देख रही टीम के समक्ष हाजिरी दर्ज कराई।
भर्ती के नोडल अधिकारी एसपी देहात कुलदीप नारायण ने सोमवार को बताया कि पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से 14 सौ पुरुष अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजा गया था।
जिसमें से केवल 757 पुलिस लाइन पहुंचे। बरसात के चलते दौड़ में खलल पड़ने के चलते 225 को नहीं दौड़ाया जा सका। इनको मंगलवार को छूटे अभ्यर्थियों के साथ दौड़ाया जाएगा।