अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के सभी परिसरों में मंगलवार को सभी प्रकार के मोटर वाहन पूर्णतया प्रतिबन्धित रहेंगे। पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने बताया कि परिसर को प्रदूषण मुक्त एवं प्राकृतिक रूप से संरक्षित करने की दिशा में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है।
परिसरों में हेल्मेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए कड़ाई से अनुपालन कराया जा रहा है। इसका असर दिखने भी लगा है। इसी क्रम में प्रत्येक माह की एक तारीख को परिसर में मोटर साईकिल एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश सभी परिसरों में प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड एवं समस्त विभागाध्यक्षों को इस संदर्भ आदेश अनुपालनार्थ पत्र निर्गत कर दिया गया है।
मुख्य नियंता प्रो. आरएन राय ने बताया कि 01 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं आगंतुक साइकिल एवं ई-रिक्शा का प्रयोग कर सकते है। वाहनों के प्रतिबंध पर कड़ाई से अनुपालन करने के लिए प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने टीम गठित कर ली है।