फैजाबाद और अयोध्या से मनकापुर के बीच रेल गाड़ी से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें शुक्रवार से रविवार तक बढ़ जाएंगी। इन दोनों स्टेशनों के बीच चल रही पैसेंजर ट्रेनें रविवार तक रद कर दी गई हैं।
सरयू एक्सप्रेस अब प्रतिदिन इलाहाबाद-फैजाबाद-मनकापुर के बजाय इलाहाबाद से फैजाबाद के बीच चलेगी। इंटरसिटी का संचालन भी अयोध्या तक होगी। मनकापुर जाने वाले यात्री अब सड़क मार्ग से ही आ-जा सकेंगे।
इसकी वजह मनकापुर में नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य होना बताया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक फैजाबाद जीपी सिंह ने बताया कि मनकापुर में शुक्रवार से रविवार तक नॉनइंटरलांकिंग का कार्य शुरू हो रहा है।
ऐसे में सरयू एक्सप्रेस मनकापुर जाने के बजाय फैजाबाद से ही इलाहाबाद वापस हो जायेगी, जबकि फैजाबाद से मनकापुर तक चल रही इकलौती पैसेंजर रद रहेगी।
अयोध्या के स्टेशन अधीक्षक आरएस अनिल ने बताया कि मनकापुर से अयोध्या के बीच दो फेरे लगा रही पैसेंजर रद रहेगी।
इसके अलावा गोंडा से मनकापुर-अयोध्या होकर वाराणसी तक प्रतिदिन आ-जा रही गोंडा-वाराणसी इंटरसिटी तीनों दिनों में वाराणसी से अयोध्या के बीच चलेगी।