पटरंगा थाना क्षेत्र के सैमसी गांव में तेंदुआ की ओर से नीलगाय व बकरी को निवाला बनाये जाने को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस व वन बिभाग को सूचना के बावजूद अभी तक कोई झांकने नहीं आया। इससे लोगों में आक्रोश है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगदीश सिंह का कहना है कि शनिवार देर शाम नित्यक्रिया से लौट रहे गांव निवासी हनुमान श्रीवास्तव को तेंदुए ने दौड़ा लिया। वह गिरकर बेहोश हो गये। गांव के लोग दौड़े और जान बचाई।
सोमवार की भोर गांव निवासी नकछेद की बकरी व नीलगाय के बच्चे का पैर मिलने से क्षेत्र मेें दहशत फैल गई। उनका कहना है कि तेंदुआ होने की सूचना शनिवार को ही दिये जाने के बावजूद अभी तक किसी ने सुधि नहीं ली।
इस बाबत वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह कुशवाहा का कहना है कि तीन दिन से लगातार टीम भेजी जा रही है। क्षेत्र में तेंदुआ के होने का कोई लक्षण नहीं मिला है। आशंका लकड़बग्घा होने की है। टीम तलाश में जुटी है।