अयोध्या। सोहावल ब्लॉक क्षेत्र में रायपुर के प्रसिद्ध मेले में आयोजित दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। 19 अक्तूबर से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के नामचीन महिला-पुरुष पहलवानों को बुलाया गया है। ये जानकारी हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव व पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू ने सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
पूर्व विधायक ने बताया कि 19 अक्तूबर को प्रतियोगिता का उद्घाटन होगा। पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित प्रतियोगिता के बाद दोनों सत्रों में विभिन्न प्रांतों के नामचीन महिला व पुरुष पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। अगले दिन दोनों सत्रों के आयोजन के बाद पुरस्कार वितरण के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।
कार्यक्रम संयोजक व छात्रनेता शिवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 125 बाहरी पहलवान शिरकत करेंगे। इनमें राष्ट्रीय स्तर की 20 महिला व 40 पुरुष पहलवान शामिल हैं। नेपाल के काठमांडू से नौ महिला एवं नौ पुरुष पहलवानों को भी आमंत्रण भेजा गया है।
उक्त टीम कोटसराय स्थित उर्मिला महाविद्यालय में ठहरेगी। कुश्ती प्रतियोगिता के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। इस मौके पर धीरेंद्र प्रताप सिंह मन्नू, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आलोक सिंह, अरुण भारती, दुर्गेश सिंह, आशीष सिंह, मानवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।