अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि के लिए बनाए जा रहे रामपथ पर सभी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मंडलायुक्त सभाकक्ष में बुधवार देरशाम आयोजित अयोध्या विजन डॉक्यूमेंट-2047 की समीक्षा बैठक में इस पर चर्चा की गई।
डीएम नितीश कुमार ने रामनगरी के चहुंमुखी विकास के लिए अयोध्या विजन डॉक्यूमेंट 2047 के तहत कराए जा रहे कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के लिए निर्देश दिया। बैठक में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रमुख संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी दी गई। 18 जनवरी तक 798 बैनामे कराए गए। शेष बैनामों को कराने का निर्देश दिया।
दुकानदारों की समस्याओं व शंकाओं का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित करते रहने के लिए अफसरों से कहा। लोक निर्माण विभाग को कब-कब, कितने-कितने समय में क्या-क्या करेंगे का टाइम लाइन बनाकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिया। रामपथ की डिजाइन में सभी विश्व स्तरीय सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर चर्चा की और निर्देश दिया।
बताया गया कि भक्तिपथ के चौड़ीकरण की जद में आने वाले सभी दुकानों व भवनों के ध्वस्तीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सीवर लाइन का कार्य शुरू कराया गया। जन्मभूमि पथ में मानव संसाधन लगाकर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कुंडों के सौंदर्यीकरण के शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। राजर्षि दशरथ राजकीय मेडिकल कॉलेज दर्शननगर और शासकीय डिग्री महाविद्यालय परसांवा के शेष कार्यों को शीघ्र कराने का निर्देश दिया।
राजकीय इंटर कॉलेज मिल्कीपुर में अगले सत्र से प्रवेश व शिक्षण कार्य प्रारंभ किए जाने की बात बताई। डीएम ने अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में डिजिटल आर्ट गैलरी व चारों स्क्रीनों में चलने वाले कंटेंट को और बेहतर करने के लिए राजकीय निर्माण निगम को निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ अनिता यादव, परियोजना निदेशक आरपी सिंह, एसडीएम सदर, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, एडीएम वित्त एवं राजस्व सहित संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अफसर मौजूद थे।