अयोध्या। श्रीराम राममंदिर निर्माण शुरू होने के बाद से रामनगरी में पर्यटन ढाई गुना बढ़ गया। वर्ष 2022 में चार करोड़ से अधिक पर्यटक/श्रद्धालु अयोध्या आए। इसमें 54 हजार विदेशी भी शामिल रहे।
राममंदिर निर्माण के चलते भक्तों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। रामलला के दर्शनार्थियों की संख्या तीन गुना बढ़ गई है। 2014 से 2019 के बीच अयोध्या में पर्यटकों की संख्या डेढ़ गुना बढ़ी। 2022 में देशभर में जहां सबसे ज्यादा पर्यटक आए, उनमें ताजमहल, रेड फोर्ट, कुतुबमीनार, आगरा फोर्ट और कोणार्क का सूर्य मंदिर शामिल है।
धार्मिक स्थलों में तिरुपति बालाजी, काशी विश्वनाथ में भी पर्यटक बढ़े हैं। तिरुपति में पिछले साल 10 करोड़ वहीं काशी विश्वनाथ धाम में करीब 7.5 करोड़ श्रद्धालु व पर्यटक पहुंचे। इसी तरह अयोध्या में भी तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़कर 4,12,12,402 पहुंच गई। हालांकि कोरोना के चलते दो साल भक्तों व पर्यटकों की संख्या में कमी भी दर्ज की गई।
नए अवसर मिलेंगे, रोजगार बढ़ेगा
अवध विवि के अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. विनोद श्रीवास्तव बताते हैं कि राममंदिर बनने के बाद यहां के लोगों को उम्मीद है कि रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। जैसे देश के दूसरे मंदिरों के माध्यम से रोजगार मिलता है, उसी तरह यहां भी लोगों को फायदा होगा। एक अनुमान के मुताबिक तिरुपति बालाजी मंदिर में करीब 16 हजार लोग काम करते हैं। राममंदिर के ट्रस्ट के लोगों का कहना है कि राममंदिर भी उसी तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही यहां मंदिर बनने के बाद होटल, फूल-माला, ट्रैवल एजेंसी, दीये, धार्मिक वस्तुओं के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
12 गुना बढ़ जाएंगे रेलयात्री
रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक अभी अयोध्या में करीब पांच हजार यात्री ट्रेन से रोज आते हैं। मंदिर बनने के बाद यह संख्या 12 गुना बढ़ने का अनुमान है। यानी हर दिन करीब 60 हजार यात्री ट्रेन से अयोध्या पहुंचेंगे। अयोध्या में हाईटेक रेलवे स्टेशन का भी निर्माण हो रहा है जो सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। बताया कि मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद से अब हर रोज यात्रियों की संख्या 10 हजार तक पहुंच गई है।
विदेशी छात्रों में अयोध्या पर शोध की रुचि
टूर गाइड अभिषेक सावंत बताते हैं कि विदेशियों में अयोध्या पर शोध करने की भी रुचि दिखती है। जर्मनी में पढ़ाई कर रही एलिस मई माह में अयोध्या आईं थीं। उन्होंने राममंदिर सहित कई स्थानों पर भ्रमण किया और यहां की परंपरा व संस्कृति आदि के बारे में स्थानीय साधु-संतों और विद्वानों से जानकारी ली। इसी तरह स्पेन से आए सात छात्रों की टीम ने भी अयोध्या पर शोध की रुचि दिखाई थी।
इनसेट
वर्ष - घरेलू पर्यटक - विदेशी पर्यटक
2014 - 14361499 - 16848
2015 - 15432558 - 19077
2016 - 15482456 - 20979
2017 - 17549633 - 23926
2018 - 19217570 - 27043
2019 - 20122436 - 26956
2020 - 5181882 - 2188
2021 - 15460151- 31
2022 - 41212402- 54805
वर्जन
अयोध्या में मंदिर बनने के बाद यहां आने वाले टूरिस्टों की संख्या बढ़ेगी। मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद से अयोध्या में भक्तों की संख्या व पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। यहां पिछले पांच साल में 2.5 गुना पर्यटक बढ़े हैं। राममंदिर बनने के बाद करीब एक लाख भक्त हर रोज रामलला के दर्शन को पहुंचेंगे। यानी करीब 3.6 करोड़ भक्त हर साल रामलला के दर्शन करेंगे।
- आरपी यादव, उप निदेशक, पर्यटन