अयोध्या। सुप्रीम कोर्ट में राममंदिर व बाबरी मस्जिद को लेकर चाहे जितनी तल्ख बहस हो रही हो, मगर अयोध्या में गंगा-यमुनी तहजीब की नई बयार बह रही है।
राममंदिर निर्माण के समर्थन का दावा करते हुए दर्जनों मुस्लिमों ने सोमवार को साढ़े 11 बजे रामजन्मभूमि न्यास स्थित विहिप की कार्यशाला पहुंचकर राममंदिर के तराशे गए पत्थरों की साफ-सफाई की।
जय श्रीराम के साथ-साथ, एकता का राज चलेगा, हिंदू-मुस्लिम साथ चलेगा... रामलला के सम्मान में मुस्लिम हैं मैदान में... जैसे नारे भी लगाए। संत-धर्माचार्यों ने भी न सिर्फ इस अभियान को सराहा बल्कि, सहभागिता भी की।
सफाई अभियान का नेतृत्व कर रहे बबलू खान ने इस दौरान राममंदिर निर्माण के लिए एक लाख रुपये दान देने की घोषणा भी की। कहा कि हम भगवान राम को उतना ही मानते हैं जितना पैगंबर को। यहां के लोगों में आपसी समझ व भाईचारा वर्षों से कायम है जिसके चलते अयोध्या में आपसी कटुता व कड़वाहट कभी नहीं रही। कुछ बाहर के लोगों ने अयोध्या का सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया। जिस तरह धारा 370 से छुटकारा मिला है, उसी तरह अगले कुछ महीने में राममंदिर निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त होगा तो सैकड़ों मुस्लिम कारसेवा भी करेेंगे।
महंत डॉ. राघवेश दास वेदांती ने कहा कि अयोध्या सौहार्द की नगरी है, इसकी पुष्टि आज फिर एक बार हुई है। अयोध्या के मुस्लिमों के मन में भी राम बसे हैं, उनकी ये आस्था देख विश्वास हो गया है कि अब राममंदिर निर्माण में कोई बाधा आड़े नहीं आने वाली है।
चौबुर्जी मंदिर के महंत बृजमोहन दास ने कहा कि अयोध्या में हमेशा गंगा-जमुनी तहजीब कायम रही है और रहेगी। महंत परमहंस दास ने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं जब हिंदु-मुस्लिम एक साथ मिलकर राममंदिर निर्माण में कारसेवा करेंगे।
सफाई अभियान में खालिद अहमद, समीर खान, आसिफ खान, बबलू मेहंदी, कासिम अली, मो. दानिश, शादाब खान, जमीर अहमद, कनिक यादव, मुन्ना खान, बजरंग प्रसाद, मंसूर अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रामजन्मभूमि न्यास कार्यशाला में रखे पत्थरों को साफ करने पहुंचे मोहम्मद अफजल ने कहा कि अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि है। राममंदिर यहां नहीं तो फिर कहां बनेगा। हमें अमन, चैन व तरक्की चाहिए। जो लोग हमें आपस में लड़ाकर राजनीतिक रोटी सेंक रहे हैं, उनकी दुकानदारी बंद होनी चाहिए।
अशफाक अहमद ने कहा कि हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द इस मामले का समाधान हो। अयोध्या में अतिशीघ्र भव्य राममंदिर बने। हम हिंदु-मुस्लिम सभी मिलकर राममंदिर निर्माण में कारसेवा करें। अब अयोध्या में कोई फसाद नहीं होना चाहिए।
अदनान खान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल निर्देशन में देश तरक्की की राह पर है। हम युवाओं को रोजगार व तरक्की चाहिए न कि मजहब को लेकर कोई विवाद। राममंदिर जल्दी बने।
सलमान खान ने कहा कि अयोध्या मामले के राजनीतिकरण के चलते बहुत नुकसान हुआ है। अब ऐसा नहीं होना चाहिए। राम भी हमारे पूर्वज हैं इसलिए जल्द से जल्द राममंदिर का निर्माण हो, हम भी मंदिर निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।
इस बारे में विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि 1990 में कार्यशाला स्थापित हुई थी। तब से अब तक राममंदिर के लिए एक लाख घनफुट पत्थरों को तराशा जा चुका है। 75 हजार घनफुट पत्थर अभी और तराशा जाना है। राममंदिर के प्रति मुस्लिम भाइयों की आस्था का प्रकटीकरण स्वागत योग्य है। देश के अन्य मुस्लिमों को अयोध्या के मुस्लिमों से सीख लेनी चाहिए और उन्हें समझ में आ जाना चाहिए कि जहां रामलला विराजमान हैं वह श्रीराम की भूमि है।
शरद शर्मा ने कहा कि अयोध्या का मुस्लिम रामलला को अपना पूर्वज मानते हैं, इसके लिए मैं उनके प्रति नतमस्तक हूं। उन्होंने कहा कि यहां रखे पत्थरों में नक्काशी की गई है, खुले में रखे जाने से चमक धूमिल हो चुकी है, काई जम गई है। इस वजह से पत्थरों की साफ-सफाई हो रही है। जब मंदिर निर्माण शुरू हो जाएगा तो राजस्थान, अहमदाबाद से करीब 250 कारीगरों को बुलाकर इसकी सफाई कराई जाएगी। उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट से शीघ्र ही निर्णय आएगा।