श्रीराम मुस्लिम कारसेवक मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजम खान ने शुक्रवार को सरयू तट स्थित परमहंस के अंतिम संस्कार स्थल पर राम मंदिर निर्माण के लिए 11 शिलाओं की पूजा-अर्चना की। उसके बाद पूजित शिलाएं सिटी मजिस्ट्रेट आरएन पटेल के हवाले कर दीं।
आजम खान ने कहा कि राम मंदिर के लिए मुसलमानों को जगाने का अभियान चला रहा हूं। ये पूजित शिलाएं संदेश दे रही हैं कि मुसलमानों को राम मंदिर के लिए इससे बल मिलेगा। राम मंदिर निर्माण में इन शिलाओं का प्रयोग किया जाए। आजम खान ने कहा कि परिसर में राम मंदिर के अलावा किसी तरह का निर्माण न हो, चाहे इसके लिए मुस्लिमों को ढाई एकड़ की जगह दस एकड़ की जमीन ऐसे स्थान पर दे दी जाए, जो मुस्लिम बाहुल्य हो और वहां भव्य जामा मस्जिद बने न कि बाबरी मस्जिद। इस बाबत उन्होंने विवादित परिसर के रिसीवर कमिश्नर को देने के लिए शिलाओं को सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
वहीं, दूसरी ओर दिन में अयोध्या में अधिग्रहीत परिसर की सुरक्षा को स्थाई सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक एडीजी सुरक्षा विजय कुमार की अध्यक्षता में अधिग्रहीत परिसर स्थित मानस भवन में हुई। इसमें परिसर की सुरक्षा के मद्देनजर खराब हो गए सीसीटीवी कैमरों को बदलकर ऑटोडोम सीसीटीवी कैमरे लगवाने, परिसर की सुरक्षा में तैनात पीएसी और सीआरपीएफ के लिए शिविर बनवाने के लिए जमीन की तलाश, पूर्व के प्रस्तावों के मद्देनजर परिसर की सुरक्षा के लिए कराए गए कार्य तथा अवशेष कार्य पर चर्चा की गई।