अयोध्या। नगर कोतवाली की चौकी साहबगंज स्थित खुर्दाबाग कॉलोनी में दो परिवारों के बीच कूड़ा फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष के दो लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी। गोली उसके हाथ व गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया। दोनों परिवार एक-दूसरे के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। इन दोनों के बीच उक्त जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा है।
कोतवाली नगर की चौकी साहबगंज स्थित खुर्दाबाग कॉलोनी में भाजपा कार्यकर्ता राकेश तिवारी व विकास तिवारी पुत्र स्व. रमेशदत्त तिवारी का आवास है। इससे कुछ ही दूरी स्थित शोलापुर कालोनी में काशीराम पांडेय निवासी छावनी बस्ती का भी आवास है, जिसमें वह अपनी पत्नी, दो बेटों, एक पुत्री के साथ रहते हैं। दोनों आपस में रिश्तेदार भी है। राकेश के घर के बगल की एक जमीन को लेकर दोनों में काफी अरसे से विवाद चल रहा है। इसको लेकर राकेश की पत्नी ममता ने न्यायालय में वाद भी दायर कर रखा है।
शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे अनिल पांडेय पुत्र काशीराम पांडेय इस जमीन पर सफाई कर रहा था, इस दौरान एकत्र हुआ कूड़ा उसने राकेश के घर के पास रख दिया। इसका विरोध करने पर दोनों लोगों में विवाद हो गया और देखते ही देखते दोनों में मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर अनिल का भाई अजय पांडेय, बहन अंजू, मां ऊषा वहां पहुंच गई और दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगा। इस दौरान अजय पांडेय ने रिवॉल्वर निकालकर राकेश को गोली मार दी। गोली राकेश के हाथ व पेट पर लगी और वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। आरोपी अजय दिव्यांग है, वह एचडीएफसी बैंक में कार्यरत है।
आरोप है कि गोली मारने के बाद उसने रिवॉल्वर अपनी बहन अंजू को दे दी और अपने भाई अनिल के साथ कार में बैठकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल राकेश को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद प्रभारी सीओ सिटी राजेश राय, नगर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ ने बताया कि दोनों के बीच कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद हुआ था।
गोली राकेश के हाथ व गर्दन में लगी है। मौके से .32 बोर का एक खोखा बरामद हुआ है। पीड़ित ने अजय पांडेय, अतुल पांडेय, ऊषा व अंजू के खिलाफ हत्या करने का प्रयास करने की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ के लिए आरोपी के परिवार से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपी के घर व कॉलोनी में एहितयातन पुलिस बल तैनात किया गया है।