पटरंगा थाना क्षेत्र में युवक का शव मिलने के बाद जमा भीड़।
- फोटो : FAIZABAD
पटरंगा। चार दिन से लापता युवक का बुधवार को शारदा सहायक नहर से शव बरामद हुआ। उसका गला कटा हुआ था। सोमवार को ही युवक ने मैसेज कर परिवारीजनों को सूचना दी थी कि मैं लखनऊ में हूं। मुझे बचा लो, मेरी जान को खतरा है। पटरंगा पुलिस ने जब मोबाइल नंबर को ट्रेस किया तो वह नंबर रुदौली कोतवाली क्षेत्र के कूढा सादात गांव के पास का मिला। इसके बाद परिवारीजनों ने अनहोनी की आशंका जताई थी।
बुधवार शाम लगभग चार बजे पटरंगा थाना क्षेत्र के लालपुर मजरे रानीमऊ गांव के पास शारदा सहायक डबल नहर में ग्रामीणों ने एक युवक का शव देख सूचना पटरंगा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर से निकलवाया।
युवक नीले रंग की जींस व काली व लाल टी-शर्ट पहने हुए था। खबर पाकर पहुंचे पचलो निवासी मोहम्मद हुसैन अंसारी ने शव की पहचान अपने पुत्र महबूब हसन अंसारी (22) के रूप में की। शव का आधा गला कटा हुआ था।
इससे यह प्रतीत हो रहा है कि युवक की पहले गला रेतकर हत्या कर दी गई, उसके बाद में शव को नहर में फेक दिया गया। पटरंगा थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पचलो गांव का लापता युवक महबूब हसन अंसारी का शव नहर से बरामद हुआ है, जिसका गला कटा हुआ है, हत्या कर शव नहर में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। मामले में पहले गुमशुदगी दर्ज की गई थी, अब तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।