लखनऊ-फैजाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार को सुबह करीब 10 बजे परिवहन निगम की एक बस के इंजन में अचानक आग लग गई। यह नजारा देख बस में सवार यात्री गाड़ी से कूदकर बाहर भागने लगे। चीख-पुकार मच गई, बस के रुकते ही सभी यात्री फौरन बाहर निकल आए।
अफरातफरी के बीच जैसे-तैसे बस चालक ने अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया। जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। अवध डिपो लखनऊ की यह बस आजमगढ़ जा रही थी।
रोडवेज की बस नेशनल हाईवे पर पटरंगा थाना क्षेत्र के रानीमऊ चौराहे के पास पहुंची कि अचानक इंजन में आग लग गई।
बस में बैठे यात्री कुछ समझ भी नहीं सके थे कि आग का रुख बस के अंदर की ओर हो गया। बस में बैठे यात्री घबरा गए और हल्ला गुहार मचाने लगे। कुछ यात्री बस के धीमे होते ही बाहर की ओर कूद गए। बस के रुकते ही उसमें सवार लगभग 50 यात्री अपनी जान बचाकर बाहर भागे।
कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। बस चालक पवन ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में मौजूद अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाया। कुछ ही देर में आग बुझ गई। जिसके बाद यात्रियों की जान में जान आई।
चालक ने बताया कि इंजन में शॉर्टसर्किट से आग लगी थी। जिसको बुझा दिया गया है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। जिन्हें दूसरी बस से गंतव्य को रवाना किया गया।