राष्ट्रीय राजमार्ग के दलसराय चौराहे पर शुक्रवार की भोर केलों से लदा एक मिनी ट्रक (डीसीएम) पलट गया। इसकी चपेट में आने से सड़क पार कर रहे बाइक सवार एक अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
ट्रक चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पुलिस ने घायल वृद्ध को सीएचसी में भर्ती कराया। हाईवे पर तेज रफ्तार मिनी ट्रक फैजाबाद से लखनऊ की ओर जा रहा था।
रुदौली कोतवाली क्षेत्र के दलसराय चौराहे के पास जैसे ही ट्रक पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई और ओवरब्रिज से जा टकराई। इसी बीच सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार दो लोग ट्रक की चपेट में आ गए।
घटनास्थल पर ही रुदौली कोतवाली क्षेत्र के धौली निवासी गलफा (40) पुत्र बहादुर की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर जब तक भेलसर चौकी की पुलिस पहुंचती मौका पाकर ट्रक चालक भाग गया।
पुलिस ने दूसरे घायल बुजुर्ग जगजीवन (60) निवासी सुलेमपुर कोतवाली रुदौली को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। बताते हैं कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाया था।
वह वृद्ध के इलाज के लिए फैजाबाद अस्पताल जा रहा था। कोतवाल सज्जाद हुसैन ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक भाग गया है।