फैजाबाद रेलवे स्टेशन के इसी प्लेटफार्म का होना है विस्तार।
- फोटो : अमर उजाला
मॉडल रेलवे स्टेशन फैजाबाद समेत अयोध्या व गोसाईगंज स्टेशनों की बेहतरी के लिए चार करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें फैजाबाद में प्लेटफार्म एक के विस्तार पर 1.29 करोड़. अयोध्या के भवनों की मरम्मत, टॉयलेट आदि के काम पर 1.73 करोड़ और गोसाईगंज में प्लेटफार्म दो को ऊंचा करने व चारदीवारी पर 98 लाख रुपये खर्च होंगे।
रेल यात्रियों की सुविधाओं में बहुत जल्द इजाफा होने वाला है। जल्दी ही प्लेटफार्म नंबर एक को 26 कोच वाली ट्रेनों को रुकने के लिए बनाने का काम शुरू होगा। इसके अलावा प्लेटफार्म एक के शेड की लंबाई और बढ़ाकर इसे लखनऊ रेलवे स्टेशन के मॉडल जैसा बनाया जाएगा।
इन दोनों कामों पर 1.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्लेटफार्म एक के विस्तार में बाधक साइडिंग को पुरानी वाशिंग लाइन ले जाया जाएगा। 180 मीटर और लंबा कर कुल 580 मीटर लंबा करके 16 कोच की जगह 26 कोच वाली ट्रेनों के रुकने के लिए प्लेटफार्म बनाने का काम शुरू होगा।
इसके अलावा अयोध्या और फैजाबाद रेलवे स्टेशनों के एरिया में भवनों की मरम्मत-सुधार, टाइल्सदार नए टॉयलेट, वाटर बूथ, यात्रियों को बैठने के लिए बेंच बनेंगी। मार्ग का चौड़ीकरण होगा। स्टेशन का सुंदरीकरण और पौधरोपण किया जाएगा।
इन कार्यों के लिए 1.73 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। गोसाईगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो का उच्चीकरण होगा। इसकी फर्श पक्की होगी तथा चारदीवारी बनेगी। इस पर 98 लाख खर्च होंगे। रेलवे का इंजीनियरिंग विभाग इन सभी कार्यों को अतिशीघ्र शुरू कराने की कवायद में जुटा हुआ है।