अयोध्या। माध्यमिक शिक्षा विभाग में कार्यरत कार्मिकों के मानव संपदा पोर्टल पर डाटा फीडिंग के मामले में अयोध्या मंडल के तीन जिले काफी फिसड्डी साबित हुए हैं। इस पर शिक्षा निदेशक माध्यमिक की नाराजगी के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। फीडिंग में सबसे पीछे अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर व अमेठी के जिला विद्यालय निरीक्षकों को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत फीडिंग कराने का निर्देश दिया है।
माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत कार्मिकों से संबंधित डाटा फीडिंग मानव संपदा पोर्टल पर किए जाने का निर्देश पूर्व में दिए गए थे। यह कार्य शासन की प्राथमिकता में रहा है। इसकी समीक्षा मुख्य सचिव के स्तर पर समय-समय पर की जाती रही है। हाल ही में शासन स्तर पर हुई समीक्षा में प्रदेश के अधिकांश मंडलों के साथ-साथ अयोध्या मंडल की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली है। इससे शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर स्थिति सुधारने का निर्देश दिया गया है।
शासन से एक सितंबर को जारी सूचना के आधार पर अयोध्या मंडल के सभी पांच जिलों में कुल कर्मचारियों की संख्या 6590 है, जिनमें 5770 पंजीकृत हैं। इनमें मात्र 3764 की प्रविष्टियां सत्यापित हुई हैं, जो कि कुल संख्या का 57.65 प्रतिशत है। इस मामले में अयोध्या जनपद की स्थिति सबसे अच्छी दिख रही है। यहां कुल पंजीकृत 1554 कर्मचारियों के सापेक्ष 1565 की प्रविष्टियां सत्यापित हो गई हैं, जो कि 100.71 फीसदी है।
दूसरे नंबर पर बाराबंकी जनपद है, जहां कुल कर्मचारी 1078 के सापेक्ष 1031 की प्रविष्टियां सत्यापित हुई हैं, जो कि 95.64 फीसदी है। सबसे बद्तर स्थिति अंबेडकरनगर जनपद की है। यहां पर 1799 कुल कर्मचारी के सापेक्ष 1695 पंजीकृत हैं, जिनमें महज 340 की प्रविष्टियां सत्यापित हुई हैं, जो कि महज 18.90 प्रतिशत है। इसी तरह फिसड्डी जनपदों में सुल्तानपुर व अमेठी भी शामिल हैं। जहां सत्यापन कार्य महज 44.05 व 24.76 फीसदी हुआ है। शिक्षा निदेशक की नाराजगी के बाद संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक की ओर से फिसड्डी जनपदों में मानव संपदा पोर्टल पर फीडिंग कार्य अविलंब कराए जाने का निर्देश जारी किया गया है। निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश भी दिया गया है।
मानव संपदा पोर्टल पर डाटा फीडिंग मामले में अंबेडकरनगर जनपद सबसे पीछे है। जबकि सुल्तानपुर व अमेठी में भी बहुत कम फीडिंग हुई है। इन जिलों में एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत फीडिंग कराने का निर्देश दिया गया है। ऐसा न करने पर कार्रवाई भी की जाएगी।
- मनोज कुमार द्विवेदी, संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक, अयोध्या मंडल