अस्पतालों से दवा मिलने के दावे की पोल खोल रहे हैं सीएचसी मिल्कीपुर के डॉक्टर
सीएमओ से शिकायत के एक माह बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई
शिकायत की पुष्टि में अफसरों ने शिकायतकर्ता के छुड़ाए पसीने
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। जिले से लेकर प्रदेश सरकार तक के स्वास्थ्य विभाग के अफसर दावा कर रहे हैं कि सरकारी अस्पतालों में दवाएं उपलब्ध हैं। डॉक्टर बाहर की दवाएं नहीं लिख रहे हैं। किंतु जब एक शिकायतकर्ता ने प्रमाण के सारी शिकायत सीएमओ से कर दी तो अफसरों ने शिकायत की पुष्टि कराने में ही शिकायतकर्ता के पसीने छुड़ा दिए। अब एक माह से जांच के नाम पर मामले को लटकाया जा रहा है। आरोप है कि इस दौरान भी धड़ल्ले से बाहर की दवाएं लिखी जा रही हैं।
यह शिकायत मिल्कीपुर तहसील के उछाहपाली गांव निवासी शेष नारायण दुबे ने की है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि वह अपनी मां को दिखाने सीएचसी मिल्कीपुर गए थे। जहां डॉक्टर ने उन्हें बाहर से 1700 रुपये की दवाएं और जांच लिखी। दवाएं और जांच इस तरह से लिखीं कि आखिर उन्हें सीएचसी के पास के एक मेडिकल स्टोर पर ही यह सब मिल पाया। उन्होंने इस बात की शिकायत सीएमओ कार्यालय में की। उनका आरोप है कि उन्हें दो बार सीएमओ कार्यालय बुलाया गया, शपथपत्र भी लिया गया। किंतु एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की है।
उन्होंने यह शिकायत उप मुख्यमंत्री से भी की है। जिसमें आरोप लगाया है कि उनके ऊपर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और सीएमओ जो जांच करवा रहे हैं। उसमें भी मिलीभगत की आशंका है। हालांकि जांच अधिकारी एसीएमओ डॉ. अंसार अली ने माना कि जांच बहुत विलंबित हो गई है। किंतु जल्द ही सबके बयान मिलते ही रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी जाएगी।
एडी तक भी पहुंची शिकायत
शिकायतकर्ता ने सीएमओ कार्यालय की जांच से निराश होकर अपर निदेशक डॉ. सुरेश चंद्र कौशल से भी इस घटनाक्रम की शिकायत की है। कहा है कि जांच भी जारी है और वह डॉक्टर आज भी बाहर की दवाएं बेखौफ लिख रहा है। अपर निदेशक ने बताया कि शिकायत मिली है, किंतु इसमें सीएमओ की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।