- दो-दो दिन से वापस लौट रहे सैकड़ों मरीज, हाथ पंखे से काम चला रहे कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसीअयोध्या। दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज में दो दिन से बिजली का संकट है। ऐसे में सामान्य जांचों से लेकर अल्ट्रासाउंड तक सब बंद है। बस्ती, गोंडा व दूरदराज से आए सैकड़ों मरीज जांच के चक्कर में पूरा-पूरा दिन इंतजार कर लौट रहे हैं। हाथ पंखा लेकर बैठे कर्मचारी भी परेशान हैं। अस्पताल प्रशासन कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं कर पाया है। उधर, सीएमएस का कहना है कि जनरेटर से जांचें कराना संभव नहीं है। दर्शनगर स्थित मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में औसतन 3500 मरीजों की ओपीडी होती है। जिसमें से सैकड़ों की संख्या में ऐसे मरीज होते हैं, जिनकी रक्त से लेकर अल्ट्रासाउंड तक अनेक प्रकार की जांचें करवाई जाती हैं। बुधवार से ही अस्पताल में यह सारी जांचें तकरीबन ठप हो गई हैं। गुरुवार को अस्पताल में जांच करने वाले सारे कमरों में कर्मचारी बैठे मिले। अल्ट्रासाउंड कक्ष में वीडियोगेम खेल रहे एक कर्मचारी ने पंखे की ओर इशारा करके बताया कि लाइट ही नहीं है तो क्या करें? उधर, बरामदे में हर ओर मरीज बैठे हुए लाइट आने का इंतजार कर रहे थे। पूरा बाजार के नारे से आईं ललिता ने बताया कि वे जांच कराने के लिए आई हैं, लेकिन बिजली न होने से जांच नहीं हो पा रही है। इसी तरह बस्ती से मरीज लेकर आए अनीस अहमद कहते हैं कि वे बुधवार को सुबह आठ बजे ही सिटी स्कैन के लिए आए थे, कल भी सिटी स्कैन नहीं हो पाया। गुरुवार को भी सुबह आठ बजे से बैठे हैं, पर्चा जमा हो गया, लेकिन जांच नहीं हो पा रही है। वहीं पास बैठे महबूबगंज मो. रईस कहते हैं कि परसों जांच कराई थी, आज रिपोर्ट लेने आए थे, लेकिन बिजली न होने से रिपोर्ट नही मिल पा रही है। बस्ती से आए वंशीधर गिरि कहते हैं कि पत्नी की कई जांच करानी है, लेकिन लाइट ही नहीं है तो बैठे हैं। अस्पताल की इस समस्या के बारे में जानकारी के लिए प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा को कई बार फोन किया गया, किंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। हालांकि सीएमएस डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि पंखे आदि जनरेटर से चलवाए जा रहे हैं, जांचें जनरेटर से होना संभव नहीं है।
नाम मेडिकल कॉलेज हालत सीएचसी से भी खराब
मेडिकल कॉलेज में हाथ से पंखा चला रहा एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि दो दिन से बिजली नहीं है। केवल ओपीडी हो रही है। अब इससे बेहतर तो सीएचसी हैं, जहां कम से कम पीने का पानी और जनरेटर तो उपलब्ध है।
पानी की भी बनी रही किल्लत
मेडिकल कॉलेज में दो दिन से ठंडे पानी का भी इंतजाम नहीं है। कई जगह लगे वाटर कूलरों से गर्म पानी आ रहा है। यही नहीं बिजली न होने से कैंटीन में भी लोगों को ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा था। हालांकि अस्पताल में पानी की किल्लत हमेशा रहती है, बुधवार को जब सांसद लल्लू सिंह रक्तदान शिविर का शुभारंभ करने आए थे तो एत्नक महिला ने उनसे यह शिकायत की थी। जिसके बाद उन्होंने कहा था कि वे अपनी निधि से यहां पेयजल का इंतजाम कराएंगे।
सीएमओ कार्यालय से एडी कार्यालय तक इन्वर्टर का सहारा
बिजली की समस्या मेडिकल कॉलेज के बगल सीएमओ और एडी कार्यालय में भी बनी रही। हालांकि यहां इन्वर्टर से पंखे चलते मिले।
शाम को चालू हुई बिजली
दर्शन नगर क्षेत्र में ऊर्जा निगम के अवर अभियंता ने बताया कि मेडिकल कॉलेज व सीएमओ कार्यालय आने वाली लाइन में बांस की कोठ से इस लाइन से टकरा रही थी, जिससे बार-बार ब्रेकडाउन हो रहा था। गुरुवार शाम को पूरी कोठ को कटवा दिया गया है। शाम को विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।