अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में एक जुलाई से बायोमीट्रिक प्रणाली से ही हाजिरी मानी जाएगी। बिना अवकाश के अनुपस्थित रहने वाले का वेतन कटेगा। इस आशय का आदेश मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने जारी किया।
उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर में बायोमीट्रिक प्रणाली से हाजिरी की व्यवस्था जून से ही लागू की गई है। जून में स्टाफ के करीब 40 लोग अनुपस्थित मिले। इस पर संकाय अध्यक्षों और सदस्यों के साथ मंगलवार को बैठक की गई। इसमें गैरहाजिरी के कई कारण सामने आए। इसमें बाहर ड्यूटी करना, एग्जाम होना, प्रणाली की सटीक जानकारी न होना आदि रहे। सभी के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया कि बायोमीट्रिक हाजिरी प्रणाली एक जुलाई से ही पूरी तरह लागू की जाए। इसमें अब जो भी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलेगा उसका वेतन काटा जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में 26 सीनियर रेजीडेंट, 81 जूनियर रेजीडेंट और 63 अन्य स्टाफ कार्यरत है। ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली सभी पर लागू कर दी गई। इसके तहत कॉलेज आने और जाने पर सभी को बायोमीट्रिक हाजिरी लगानी होगी। कॉलेज परिसर में कम से कम आठ घंटे काम करना होगा। ऐसा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।