अवध विवि के उड़ाका दल ने शनिवार को दो कॉलेजों में सामूहिक नकल पकड़ी है। गाेंडा के भागीरथी सिंह महाविद्यालय वजीरगंज में उड़ाका दल के पहुंचने पर बोरे में भरकर कॉपी-किताब लेकर लोग भागते नजर आए। और तो और कक्ष निरीक्षक के हाथ में रसायन शास्त्र विषय का लोकप्रिया गाइड पाई गई।
अमेठी जिले के बृृजराज सहोदरा महाविद्यालय पूरे पहाड़ सिंह विशेषरगंज और सर्वोदय डिग्री कालेज शाहपुर औराव अंबेडकरनगर में दो-दो कक्षों में समान उत्तर समान क्रम में पाए जाने की पुष्टि उड़ाका दल द्वारा की गई, जिस पर उड़न दस्ते ने प्रथम दृृष्टया सामूहिक नकल की रिपोर्ट विवि प्रशासन को दी है।
शनिवार को विवि परिक्षेत्र के विभिन्न कॉलेजों से 30 नकलची पकड़े गए। सामूहिक नकल के आरोप में ही रामनेवाज सिंह महाविद्यालय कुमारगंज बवां का केन्द्र गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज उसरूमें स्थानांतरित किया गया है। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए परीक्षा नियंत्रक एएम अंसारी शनिवार को परीक्षा केंद्र पर ही डेरा डाले रहे।
शनिवार को प्रथम पाली परीक्षा में गोंडा के तुंगनाथ मौर्य स्मारक पीजी कॉलेज तरबगंज, प्रतापगढ़ के बाबू संत बक्श महाविद्यालय सण्डवादुबान, देश दीपक आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय तेन्दुआमाफी, सुल्तानपुर जिले के पं. रामकेदार राम किशोर महाविद्यालय रनियवां पश्चिम, अंबेडकरनगर के चौधरी हनुमान प्रसाद कृृषक महाविद्यालय रुद्रपुर, राज बक्श सिंह स्मारक महाविद्यालय में एक-एक नकलची पकड़ा गया।
सरस्वती विद्या मंदिर महाविद्यालय प्रतापगढ़ और प्रतापगढ़ के ही सरयू डिग्री कॉलेज उडैयाडीह पटटी में सात-सात नकलची पकड़े गए। उडैयाडीह में एक कक्ष निरीक्षक द्वारा नकल कराते पकड़े जाने पर उसे कार्यमुक्त कर दिया गया। दूसरी पाली में प्रतापगढ़ के नारायण महाविद्यालय गधियावां पट्टी में सबसे अधिक नौ नकलची पकडे़ गए।
इस केंद्र पर कमरों एवं बरामदों में बेतरतीब फेंकी गई नकल सामग्री पाई गई। सुलतानपुर के पं. राजपति सिंह महाविद्यालय डीहडग्गुपुर में एक नकलची रंगे हाथ पकड़ा गया। अंबेडकरनगर जिले के बिहारी लाल स्मारक महाविद्यालय आमादरवेशपुर में एक छात्र के पास दो जांच पत्र पाए गए।
दोनों पत्रक में नाम तो एक थे, लेकिन फोटो और हस्ताक्षर भिन्न थे। उड़ाका दल ने इसकी शिकायत केंद्राध्यक्ष को दर्ज कराई। साथ ही परीक्षा नियंत्रक को रिपोर्ट भेज दी है। इस प्रकार शनिवार को 30 नकलची पकड़े गए हैं।